Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 35°C

I.N.D.I.A गठबंधन को बड़ा झटका, बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी

I.N.D.I.A गठबंधन को बड़ा झटका, बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी

लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी इंडिया गठबंधन को पश्चिम बंगाल में जोर का झटका लगा है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने एकला चलो का नारा दे दिया है. ममता बनर्जी ने ऐलान कर दिया है कि टीएमसी लोकसभा चुनाव में अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगी. ममता के इस ऐलान के साथ ही विपक्षी इंडिया गठबंधन की तस्वीर और भविष्य पर संकट के बादल गहरे हो गए हैं.

ममता बनर्जी ने जब यह ऐलान किया, उपेक्षा का दर्द और तल्खी भी झलकी. उन्होंने कहा कि मैंने जो भी सुझाव दिए, वह सभी नकार दिए गए. इन सबके बाद हमने बंगाल में अकेले जाने का फैसला किया. उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना यह भी कहा कि वह पश्चिम बंगाल में यात्रा करने जा रहे हैं, इसकी जानकारी शिष्टाचार के नाते भी उनको नहीं दी गई.

कांग्रेस पार्टी के साथ मेरी कोई चर्चा नहीं- ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के साथ मेरी कोई चर्चा नहीं हुई। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि देश में क्या किया जाएगा लेकिन हम एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी हैं। और बंगाल में हम अकेले ही बीजेपी को हरा देंगे। ममता ने कहा कि मैं भारत गठबंधन का हिस्सा हूं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है लेकिन हमें इसके बारे में सूचित नहीं किया गया है।

ममता बनर्जी ने दो टूक कहा कि हमने पहले ही कह रखा है कि कांग्रेस 300 सीटों पर चुनाव लड़े और क्षेत्रीय दलों को अपने क्षेत्र में बीजेपी से मुकाबला करने दिया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय दल एक साथ रहेंगे लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि अगर वह हस्तक्षेप करेंगे तो हमें फिर से विचार करना होगा. उन्होंने गठबंधन का नेतृत्व कांग्रेस के करने को लेकर भी सवाल उठाए. गौरतलब है कि टीएमसी ने साफ किया था कि वह कांग्रेस को दो सीटें देगी. कांग्रेस को 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की 42 में से दो सीटों पर जीत हासिल की थी. पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने इसे लेकर तल्ख बयान दिया था.

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.