Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

किसान आंदोलन का तीसरा दिनः पंजाब में 4 घंटे का रेल रोको अभियान, ट्रैफिक बैन के बीच CBSE परीक्षार्थियों के लिए आई एडवाइजरी

किसान आंदोलन का तीसरा दिनः पंजाब में 4 घंटे का रेल रोको अभियान, ट्रैफिक बैन के बीच CBSE परीक्षार्थियों के लिए आई एडवाइजरी

किसानों के विरोध-प्रदर्शन  का आज तीसरा दिन है. पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों और सुरक्षाकर्मियों के बीच चल रहे गतिरोध के बीच, तीन केंद्रीय मंत्रियों का एक पैनल आज चंडीगढ़ में किसान नेताओं संग एक बार फिर से बातचीत करेगा. कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय किसानों की मांगों पर चर्चा के लिए गुरुवार शाम 5 बजे बैठक करेंगे, जिसमें खासकर  फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी वाले कानून की मांग शामिल है.

केंद्र और किसानों के बीच ये तीसरे दौर की बातचीत होगी, इससे पहले 8 और 12 फरवरी को पिछले दो दौर की बातचीत बेनतीजा रही थी. पंजाब के किसान केंद्र से अपनी मांगें मनवाने के लिए दिल्ली कूच की कोशिश कर रहे हैं, रोके जाने के बाद फिलहाल वह पंजाब और हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डरों पर डंटे हुए हैं. हरियाणा के जींद जिले के पास दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर भी ऐसा ही हाल है.

पंजाब में ‘रेल रोको’ का आह्वान

किसान नेता इस बात पर सहमत हो गए हैं कि केंद्र संग बैठक होने तक वे दिल्ली कूच की कोशिश नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि उनका अगला कदम केंद्र द्वारा रखे गए प्रस्तावों के आधार पर तय होगा. हालांकि, भारती किसान यूनियन (एकता उगराहां) और बीकेयू डकौंडा (धनेर) ने आज पंजाब में ‘रेल रोको’ आंदोलन का ऐलान किया है. शंभू और खनौरी बॉर्डर्स पर हरियाणा सुरक्षा कर्मियों द्वारा आंसू गैस के गोले और पानी की बौछारों के इस्तेमाल के विरोध में किसानों ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सात जगहों पर रेल पटरियां जाम करने का फैसला किया है. संयुक्त किसान मोर्चा ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया.

किसानों को रोकने के लिए पुलिस का बल प्रयोग

बता दें कि पिछले दो दिनों से किसान दिल्ली में प्रवेश की कोशिश कर रहे थे, जो कि नाकाम रही. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे, किसानों ने भी आंसू गैस के प्रभाव को कम करने के लिए खुद को पानी की बोतलों, गीले कपड़ों का इस्तेमाल किया. वहीं पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर बॉर्डर को सील कर दिया है, जिससे किसानों को अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों संग दिल्ली में प्रवेश करने से रोका जा सके.

किसानों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ट्रैफिक की भीषण समस्या खड़ी हो गई है. सीबीएसई ने बुधवार रात एक सलाह जारी कर छात्रों से जल्दी घर से निकलने की अपील की, बोर्ड ने छात्रों को मेट्रो के इस्तेमाल की सलाह दी.

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने बुलाई आपात बैठक

इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने गुरुवार (15 फरवरी) को 11 बजे एक आपात बैठक बुलाई है. ये बैठक केंद्रीय कार्यालय (चढ़ूनी गांव) में संगठन के पदाधिकारियों के साथ होगी जिसकी अध्यक्षता गुरनाम चढ़ूनी करेंगे. मीटिंग में आंदोलन की मौजूदा स्थिति पर विचार विमर्श के साथ-साथ आगामी रणनीति बनाई जाएगी.

दिल्ली बॉर्डर सील

दिल्ली हरियाणा का सिंघु बॉर्डर पुलिस ने सील किया हुआ है. पैदल जाने वालों के लिए पुलिस ने रास्ता छोड़ा हुआ था लेकिन अब उस रास्ते को भी पूरी तरीके से बंद कर दिया है. सिंघु बॉर्डर पर बड़े-बड़े साइन बोर्ड लगे हुए थे, दिल्ली पुलिस ने उन्हें भी गैस कटर के जरिए काटकर हटा दिया है.

ऐसा इसलिए किया गया है कि अगर किसान सिंधु बॉर्डर तक आते हैं और दिल्ली पुलिस को टियर गैस का इस्तेमाल करना पड़े तो आंसू गैस के गोले उन बोर्ड पर टकराकर दिल्ली पुलिस के ऊपर ही न गिरें. सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है.

सीबीएसई परीक्षार्थियों के लिए एडवाइजरी जारी

इन सब के बीच आज गुरुवार को सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं भी चालू हैं. जिसको लेकर एक एडवाइडरी जारी की गई है. इस एडवाइजरी में कहा गया है कि परीक्षा देने वाले छात्र अपने घरों से जल्दी निकलें जिससे कि वो समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सकें.

Filed under Delhi Punjab

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.