Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 26°C

डबल इंजन सरकार की बदौलत 7 साल में UP का माहौल बदला : लखनऊ में PM नरेंद्र मोदी

डबल इंजन सरकार की बदौलत 7 साल में UP का माहौल बदला : लखनऊ में PM नरेंद्र मोदी

उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के ग्राउंड-ब्रेकिंग समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 7-8 वर्ष पहले हम सोच भी नहीं सकते थे कि उत्तर प्रदेश में भी निवेश और नौकरियों को लेकर ऐसा माहौल बनेगा. चारों तरफ अपराध, दंगे इन्हीं की खबरें आती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में लाखों करोड़ रुपए का निवेश आ रहा है. मैं उत्तर प्रदेश का सांसद हूं और जब मेरे उत्तर प्रदेश में कुछ होता है तो मुझे बहुत प्रसन्नता होती है.

हजारों योजनाओं पर हो रहा है काम: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हजारों योजनाओं पर काम शुरू हो रहा है. ये जो फैक्ट्रियां, उद्योग लग रहे हैं, ये उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने वाले हैं. मैं सभी निवेशकों और विशेषकर उत्तर प्रदेश के सभी युवाओं को विशेष रूप से बधाई देता हूं. उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार को 7 साल हो गए हैं. बीते 7 वर्षों में प्रदेश में… रेड कार्पेट कल्चर बन गया है.

यूपी में आज सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे हैं: प्रधानमंत्री

आज यूपी वो राज्य है, जहां देश के सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे हैं. आज यूपी वो राज्य है, जहां देश में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स हैं. आज यूपी वो राज्य है, जहां देश की पहली रैपिड रेल चल रही है. आज आप दुनिया में कहीं भी जाएं, भारत को लेकर अभूतपूर्व सकारात्मकता दिख रही है.  हर देश, भारत की ग्रोथ स्टोरी को लेकर आश्वस्त है,भरोसे से भरा हुआ है. आज देश में मोदी की गारंटी की बहुत चर्चा है, लेकिन आज पूरी दुनिया, भारत को बेहतर रिटर्न की गारंटी मान रही है.

पीएम मोदी ने कहा कि अक्सर हमने देखा है कि चुनाव के नजदीक नए निवेश से लोग बचते हैं, लेकिन आज भारत ने ये धारणा भी तोड़ दी है. आज दुनियाभर के इन्वेस्टर्स को भारत में सरकार की पॉलिसी की स्टेबिलिटी पर पूरा भरोसा है.

पहले लोगों को लंबी-लंबी लाइनें लगानी पड़ती थी: PM 

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने यूपी में ease of living और ease of doing business पर समान बल दिया है.  डबल इंजन सरकार का मकसद है कि कोई भी लाभार्थी, किसी भी सरकारी योजना से वंचित न रहे. पहले की सरकारों में लोगों को अपने ही लाभ पाने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगानी पड़ती थी. एक खिड़की से दूसरी खिड़की तक भागदौड़ करनी पड़ती थी. अब हमारी सरकार खुद गरीब के दरवाजे पर आ रही है. जब तक हर लाभार्थी को उसका हक नहीं मिल जाता, हमारी सरकार शांत नहीं बैठेगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी, आज उनको भी पूछ रहा है, जिनको पहले किसी ने नहीं पूछा.  शहरों में जो हमारे रेहड़ी-पटरी वाले भाई बहन होते हैं, उनके बारे में पहले किसी ने नहीं सोचा. हमारी सरकार इन लोगों के लिए पीएम स्वनिधि योजना लेकर आई, अब तक देश भर के रेहड़ी-पटरी वालों को 10 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है.

Filed under India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.