Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 33°C

लोकसभा चुनाव 2024 : अपने अधिकारों के प्रति जागरूक दुल्हन ने विदाई से पहले किया मतदान

लोकसभा चुनाव 2024 : अपने अधिकारों के प्रति जागरूक दुल्हन ने विदाई से पहले किया मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतदान किया जा रहा है. मतदान करने को लेकर सुबह से मतदाताओं में काफी जोश दिख रहा है. यही वजह है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारे लगने की खबर भी आ रही है. इन सब के बीच मध्यप्रदेश और बिहार से खबर आ रही है कि यहां दुल्हन ने विदाई से पहले अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है.

मध्य प्रदेश में मंडला संसदीय क्षेत्र में तो एक वधू ने विदाई से पहले अपने मताधिकार की जिम्मेदारी निभाई. मंडला संसदीय क्षेत्र के मेली गांव के नारायणगंज के मतदान केंद्र 112 पर हर किसी को खुश कर देने वाला नजारा देखने को मिला. यहां की आशा रानी सिंगरोरे अपनी विदाई से पहले मतदान करने पहुंची. राज्य के छह संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है और मतदान को लेकर हर वर्ग में उत्साह है. युवा हों या बुजुर्ग या फिर महिलाएं, सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.

वहीं, बिहार के जमुई लोकसभा क्षेत्र में भी मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. इस बीच, जमुई के शेखपुरा विधानसभा में लोकतंत्र के लिए एक सुखद तस्वीर सामने आई है. विदा होने के पहले एक नई नवेली दुल्हन लाल सुर्ख जोड़े में अपने पति के साथ मतदान करने मतदान केंद्र पहुंची और मतदान किया. दरअसल, शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र के चक दीवान मोहल्ला निवासी सुष्मिता कुमारी का विवाह देर रात प्रदीप कुमार के साथ संपन्न हुआ. सुष्मिता की शुक्रवार सुबह विदाई होनी थी, लेकिन इन्होंने विदाई से पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करने का फैसला किया.

इसके बाद सुष्मिता अपने पति प्रदीप कुमार के साथ शेखपुरा विधानसभा के मतदान केंद्र 68 पर पहुंची और मताधिकार का प्रयोग किया. मतदानकर्मियों और अन्य मतदाताओं ने भी नव दंपति का केंद्र पर स्वागत किया. सुष्मिता ने कहा कि देश और प्रदेश के लिए एक अच्छी सरकार जरूरी है और इसके लिए मतदान करना आवश्यक है.

Filed under Madhya Pradesh

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.