Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

चुनाव के आखिरी चरण में 57 सीटों पर वोटिंग आज, पीएम मोदी, कंगना, पवन सिंह समेत इन 11 हस्तियां मैदान में

चुनाव के आखिरी चरण में 57 सीटों पर वोटिंग आज, पीएम मोदी, कंगना, पवन सिंह समेत इन 11 हस्तियां मैदान में

19 अप्रैल को पहले चरण से शुरू हुई मतदान की प्रक्रिया शनिवार, एक जून को 57 सीटों पर वोटिंग के बाद समाप्त हो जाएगी. शनिवार को सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीटों पर मतदाता अपने सांसद को चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इस अंतिम चरण में पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और झारखंड में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होगी. साथ ही ओडिशा राज्य विधानसभा की शेष 42 सीटों और हिमाचल प्रदेश की छह विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी होंगे. लोकसभा चुनाव के पहले छह चरणों के संपन्न होने के साथ ही अब तक कुल 543 में से 487 निर्वाचन क्षेत्रों पर मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है.

तमिलनाडु, केरल, मेघालय, आंध्र प्रदेश, असम, मणिपुर, कर्नाटक, मिजोरम, हरियाणा, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, नागालैंड, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, राजस्थान, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ-साथ दादरा और नगर हवेली, दमन, दीव, लद्दाख, लक्षद्वीप और पुडुचेरी सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक मतदान संपन्न हो चुका है. शनिवार को सातवें चरण में मतदान प्रक्रिया की समाप्ति के बाद सभी 543 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा. तीन दिनों के बाद चार जून को रिजल्ट का ऐलान होगा.

सातवें चरण के 57 लोकसभा केंद्रों में कुल 904 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रवि किशन, अनुराग ठाकुर, अभिषेक बनर्जी, अफजाल अंसारी, कंगना रनौत, मनीष तिवारी, पवन सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, मीसा भारती, रविशंकर प्रसाद और हरसिमरत कौर बादल जैसी हस्तियां की किस्मत का फैसला होगा.

अंतिम चरण में इन हस्तियों की साख दांव पर

1. नरेंद्र मोदी (वाराणसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार इस हाई-प्रोफाइल निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं. विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने पीएम मोदी के वर्चस्व को चुनौती देने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय का समर्थन किया है. पीएम मोदी ने साल 2014 और 2019 में इस लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी.

2. रवि किशन (गोरखपुर): अभिनेता और भाजपा नेता रवि किशन को उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है. समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार काजल निषाद उनके खिलाफ चुनाव मैदान में हैं. 2019 के लोकसभा चुनाव में रवि किशन ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रामभुआल निषाद को पराजित किया था. भाजपा ने फिर से उन्हें इस सीट से उम्मीदवार बनाया है.

3. अफजाल अंसारी (गाजीपुर): समाजवादी पार्टी ने अफजाल अंसारी को गाजीपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. साल 2019 में बसपा की सीट पर चुनाव लड़ते हुए उन्होंने बीजेपी के मनोज सिन्हा को हराया था. इस सीट से बीजेपी के पारसनाथ राय और बीएसपी के उमेश कुमार सिंह चुनाव मैदान में हैं.

4. रविशंकर प्रसाद (पटना साहिब): पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भाजपा के गढ़ से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं. उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार अंशुल अभिजीत से चुनौती मिल रही है, जो पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के बेटे हैं. लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा नेता ने शत्रुघ्न सिन्हा को पराजित किया था.

5. पवन सिंह (काराकाट): भोजपुरी स्टार पवन सिंह आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद काराकाट से एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं. सीपीआई के राजा राम सिंह भी चुनाव मैदान में हैं.

6. कंगना रनौत (मंडी): बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से चुनावी मैदान में हैं. उनका लक्ष्य भाजपा के लिए यह सीट जीतना है. उनके खिलाफ कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह मैदान में हैं. मंडी को वीरभद्र के परिवार का गढ़ माना जाता है.

7. मनीष तिवारी (चंडीगढ़): भाजपा ने दो बार की सांसद किरण खेर की जगह संजय टंडन को टिकट दिया है. आप समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी उनके खिलाफ चुनाव मैदान में हैं.

8. अनुराग ठाकुर (हमीरपुर): केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हमीरपुर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं. उनका मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार सतपाल सिंह रायजादा से हैं. अनुराग ठाकुर पिछले तीन लोकसभा चुनाव से इस सीट से जीत हासिल करते रहे हैं.

9. अभिषेक बनर्जी (डायमंड हार्बर): तृणमूल कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल की हाई प्रोफाइल लोकसभा सीट डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ रहे हैं. सीपीआई (एम) के प्रतीकुर रहमान और भाजपा के अभिजीत दास उनके खिलाफ चुनाव मैदान में हैं. साल 2014 और 2019 में अभिषेक बनर्जी इस सीट से जीत हासिल कर चुके हैं.

10. मीसा भारती (पाटलिपुत्र): बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की सबसे बड़ी बेटी मीसा भारती पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से राजद की उम्मीदवार हैं. बीजेपी ने उनके खिलाफ सांसद राम कृपाल यादव को उतारा है. साल 2019 के लोकसभा चुनाव में रामकृपाल यादव के हाथों मीसा भारती पराजित हुई थीं.

11.चरणजीत सिंह चन्नी (जालंधर): पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को जालंधर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है. चन्नी का मुकाबला आप के उम्मीदवार पवन कुमार टीनू और शिरोमणि अकाली दल के मोहिंदर सिंह केपी से है.

अंतिम चरण में इन लोकसभा क्षेत्रों पर होगी वोटिंग

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, गाजीपुर, वाराणसी, महाराजगंज, बलिया, सलेमपुर, चंदौली, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज.

पंजाब: होशियारपुर (एससी), आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब (एससी), गुरदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर (एससी), फरीदकोट, फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर, पटियाला.

बिहार: जहानाबाद, नालंदा, पटना साहिब,आरा, बक्सर, काराकाट, पाटलिपुत्र, सासाराम.

पश्चिम बंगाल: डायमंड हार्बर, दमदम, जयनगर, जादवपुर, बारासात, बशीरहाट, कोलकाता दक्षिण, कोलकाता उत्तर, मथुरापुर

चंडीगढ़: चंडीगढ़ लोकसभा सीट

हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, शिमला,

ओडिशा: जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज

झारखंड: गोड्डा, दुमका, राजमहल

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.