Skip to content
Tuesday, November 3, 2026 Ahmedabad 34°C

NEET पेपर लीक में तेजस्वी यादव के सहयोगी और गेस्ट हाउस का नाम सुनते ही क्या बोले चिराग पासवान? जानें

NEET पेपर लीक में तेजस्वी यादव के सहयोगी और गेस्ट हाउस का नाम सुनते ही क्या बोले चिराग पासवान? जानें

18वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार (24 जून) से शुरू हो गया. नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ ली. एलजेपी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हाजीपुर लोकसभा सीट से जीतकर सांसद बने चिराग पासवान ने कहा कि हम लोगों के लिए गर्व की बात है. हम लोगों का 100 परसेंट स्ट्राइक रेट रहा है. पांच सांसद हम लोग लड़े और सब जीते. सबने आज शपथ ली. इस दौरान सवालों के जवाब में नीट पेपर लीक मामले  पर भी चिराग पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी.

‘सरकार के पास छुपाने के लिए कुछ नहीं‘

नीट पेपर लीक मामले से जुड़े इस सवाल पर कि तेजस्वी यादव के जो सहयोगी (पीएस प्रीतम) हैं और जिस तरह से गेस्ट हाउस को लेकर नाम आ रहा है… इतना सुनते ही चिराग पासवान ने कहा कि ये तमाम विषय सामने हैं. जांच के विषय हैं. सरकार किसी को नहीं बख्शेगी. एक और सवाल पर कि विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है. इस पर कहा कि सरकार की तरफ से तमाम बातों को मजबूती से और पूरी निष्पक्षता के साथ सदन के पटल पर रखा जाएगा. सरकार के पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है.

चिराग पासवान ने कहा कि जो ये (नीट पेपर लीक) हुआ है, जो भी दोषी होंगे कार्रवाई की जाएगी. ग्रेस मार्क्स को लेकर छात्राओं में चिंताएं रही हैं, ऐसे में तमाम बातों को ध्यान में रखा जाएगा. सरकार गंभीरता से इसको देख रही है. कई जांच एजेंसियों को भी जिम्मेदारी दी गई है. छात्रों के हित में सही समय पर जल्द फैसला लिया जाएगा.

विपक्ष बार-बार संविधान को लेकर बात कर रहा है. प्रदर्शन कर रहा है. कह रहा है कि संविधान को बदलने का प्रयास किया जा रहा है. इस पर चिराग पासवान ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दे हैं मुझे लगता है कि उसे अवश्य उठाना चाहिए लेकिन जो भ्रमित करने वाली बात है, जिस तरह से चुनाव में इन लोगों (विपक्ष) ने संविधान और आरक्षण को लेकर मुद्दा बनाया, ये गलत है.

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.