Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 34°C

दिल्ली IGI एयरपोर्ट में बड़ा हादसा, टर्मिनल – 1 पर छत का हिस्सा गिरने से 1 की मौत, 5 घायल

दिल्ली IGI एयरपोर्ट में बड़ा हादसा, टर्मिनल – 1 पर छत का हिस्सा गिरने से 1 की मौत, 5 घायल

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 पर छत गिर गया। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि छत गिरने से एक की मौत हो गई जबकि 6 लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अधिकारी ने कहा कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर छत गिरने की सूचना मिली। दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

मुआवजे का ऐलान

वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरपोर्ट जाकर हादसे वाली जगह का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गवाने को 20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। घायलों को तीन लाख रुपये सरकार मदद के तौर पर देगी। मंत्री ने यह भी बताया कि जो हिस्सा गिरा है वो 2009 में बना था। 10 मार्च को पीएम मोदी के द्वारा उद्घाटन वाला हिस्सा नहीं गिरा है।

छत गिरने के मामले की होगी जांच

दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल वन पर हुए हादसे की जांच के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक टीम का गठन किया है। यह टीम हादसे की जांच करेगी। आज सुबह हुए हादसे पर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू खुद नजर बनाए हुए हैं। छत गिरने से कुछ कारों को भी नुकसान हुआ है। जो वीडियो सामने आया है उसे देखकर ऐसा लगता है कि कारें छत गिरने से पिचक गई हैं।

डीसीपी ने दी ये जानकारी

डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि आज सुबह करीब 5 बजे आईजीआईए (घरेलू हवाई अड्डे) के टर्मिनल 1 के बाहर प्रस्थान गेट नंबर 1 से गेट नंबर 2 तक फैला हुआ शेड ढह गया। जिसमें लगभग 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और लगभग 6 लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। सभी घायल व्यक्तियों की हालत स्थिर है। दिल्ली पुलिस, अग्निशमन सेवा, सीआईएसएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं।

छत गिरने से कई लोग घायल

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर छत गिरने से छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। एयरपोर्ट पर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है। छत गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। काम में एक शख्स फंस गया। हादसे की जगह पर गैस कटर की मदद से मलबे को हटाया जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी जल्द से जल्द मलबे को हटा कर व्यवस्था सामान्य करने में जुटा हुआ है। मौके पर NDRF, फायर विभाग के लोग मौजूद हैं। एंबुलेंस भी मौजूद है।

दिल्ली में हो रही है बारिश

बता दें कि दिल्ली में आज तड़के सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव देखने को मिला। बारिश होने के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ जिससे ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है।

टर्मिनल 1 से उड़ाने कैंसिल

यात्रियों को टर्मिनल 1 से टर्मिनल 2 और 3 पर ले जाया जा रहा है। टर्मिनल 1 से प्रस्थान करने वाली उड़ानें आज दोपहर 2 बजे तक रद्द कर दी गईं। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अनुसार, टर्मिनल 3 और टर्मिनल 2 से सभी प्रस्थान और आगमन वाली उड़ानें पूरी तरह से चालू हैं।

दिल्ली भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार तड़के आंधी और बिजली गिरने के साथ लगातार बारिश हुई। आईएमडी ने दिल्ली में अगले सात दिनों के लिए मौसम की भविष्यवाणी की है, जिसमें आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश की भविष्यवाणी की गई है। 29 जून को मौसम थोड़ा ठंडा रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शहर में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है और हवाएं 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी। 30 जून को मध्यम से भारी बारिश होगी।

Filed under Delhi India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.