Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 35°C

22 साल के प्रियांशु राजावत कनाडा ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे, दर्ज की करियर की सबसे बड़ी जीत

22 साल के प्रियांशु राजावत कनाडा ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे, दर्ज की करियर की सबसे बड़ी जीत

22 साल के प्रियांशू राजावत कनाडा ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। वह खेल से सभी को प्रभावित करने में सफल रहे हैं। अब उन्होंने एक बड़ा कमाल कर दिया है। उदीयमान खिलाड़ी प्रियांशु राजावत ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शीर्ष वरीय और दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। उन्होंने एंटोनसेन को कड़ी टक्कर दी और आखिरकार मैच में भी बाजी मार ली।

राजावत ने दर्ज की करियर की सबसे बड़ी जीत

प्रियांशु राजावत ने कनाडा ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में एंडर्स एंटोनसेन को चारों खाने चित कर दिया। विश्व में 39वें नंबर के खिलाड़ी राजावत ने शुक्रवार रात एक घंटे 19 मिनट तक चले क्वार्टर फाइनल मैच में एंटोनसेन को 21-11, 17-21, 21-19 से हराया। राजावत ने एंटोनसेन को हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। यह पहला अवसर है जबकि इस 22 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने शीर्ष 10 में शामिल किसी खिलाड़ी को हराया।

दूसरी बार सुपर-500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे

प्रियांशु राजावत दूसरी बार विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं जहां उनका सामना फ्रांस के अलेक्स लेनियर से होगा। राजावत ने अच्छी शुरुआत की तथा पहले गेम में एक समय वह 7-4 से आगे थे। एंटोनसेन ने हालांकि जल्द ही स्कोर 9–9 से बराबर कर दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार पांच अंक बनाए। एंटोनसेन ने फिर वापसी की कोशिश की लेकिन राजावत ने लगातार सात अंक बनाकर पहला गेम अपने नाम कर दिया।

आखिरी गेम में किया कमाल

एक समय स्कोर 17-17 तक बराबरी पर था लेकिन डेनमार्क के खिलाड़ी ने लगातार चार अंक बनाकर मैच को निर्णायक गेम तक खींच दिया। तीसरे गेम में राजावत एक समय 5-1 से आगे थे लेकिन एंटोनसेन इंटरवल तक 11-10 मामूली बढ़त हासिल करने में सफल रहे। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे को कड़ी चुनौती दी लेकिन राजावत ने 19-19 के स्कोर पर लगातार दो अंक बनाकर मैच अपने नाम कर दिया। राजावत ने इससे पहले भी अपने से बेहतर रैंकिंग वाले खिलाड़ियों को हराया था। उन्होंने डेनमार्क के विश्व में 24वें नंबर के खिलाड़ी रासमस गेम्के और 33वें स्थान पर काबिज जापान के ताकुमा ओबैयाशी को पराजित करके क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

Filed under India Sports

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.