Skip to content
Thursday, October 29, 2026 Ahmedabad 33°C

अमेरिका में बेरिल तूफान ने मचाई तबाही, 4 लोगों की हुई मौत; लाखों घरों में छाया अंधेरा

अमेरिका में बेरिल तूफान ने मचाई तबाही, 4 लोगों की हुई मौत; लाखों घरों में छाया अंधेरा

अमेरिका के टेक्सास प्रांत में तूफान ‘बेरिल’ ने तबाही मचा दी है। शक्तिशाली तूफान ‘बेरिल’ की वजह से बाढ़ के हालातबन गए हैं। तूफान की चपेट में आने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। तूफान कितना भयानक है इस बात अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि करीब 30 लाख घरों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो गई है। ‘नेशनल हरिकेन सेंटर’ ने सोमवार शाम को कहा कि ‘बेरिल’ ने श्रेणी-एक के तूफान के रूप में माटागोर्डा के पास दस्तक दी जिसके बाद स्कूलों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, कार्यालयों और वित्तीय संस्थानों को बंद कर दिया गया।

तूफान ने मचाया कोहराम

‘नेशनल हरिकेन सेंटर’ ने कहा कि पूर्वी टेक्सास, पश्चिमी लुइसियाना और अरकांसस के कुछ हिस्सों में बाढ़, बारिश और तेज आंधी के आसार हैं। इस बीच घरों पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और बाढ़ के पानी में फंसने के कारण ह्यूस्टन पुलिस विभाग के एक कर्मचारी की जान चली गई। आग लगने की घटना में एक अन्य व्यक्ति के मारे जाने की सूचना है।

‘टला नहीं है खतरा’

फिलहाल, कर्मचारियों ने नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से घर पर ही रहने की अपील की। मेयर जॉन व्हिटमायर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘साफ आसमान को देखकर यह ना समझें कि खतरा टल गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘परिस्थितियां अभी भी खतरनाक हैं। कितना नुकसान हुआ है फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।’’

तूफान बेरिल ने यहां भी मचाई थी तबाही

पिछले सप्ताह तूफान बेरिल ने जमैका, ग्रेनेडा, सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस में भारी तबाही मचाई थी, जहां कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई थी। वर्तमान में तूफान, ह्यूस्टन के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 70 मील की दूरी पर 12 मील प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्व की ओर आगे बढ़ रहा है। संभावना है कि मंगलवार और बुधवार को लोअर मिसिसिपी घाटी और फिर ओहियो घाटी की ओर तूफान बढ़ेगा।

1300 से अधिक उड़ानें प्रभावित

तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। तूफान के कारण महत्वपूर्ण तेल बंदरगाहों को बंद कर दिया गया और 1300 से अधिक उड़ानें रद कर दी गई। दक्षिण-पूर्व टेक्सास में 20 लाख से अधिक घरों और व्यवसायों की बिजली गुल हो गई।

Filed under World

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.