Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 35°C

उन्नाव हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये देगा PMO

उन्नाव हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये देगा PMO

उन्नाव जिले में बुधवार (10 जुलाई, 2024) को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस और टैंकर की टक्कर में 18 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए. इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने दुख जताया.

पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की. पीएम मोदी ने एक्सीडेंट को लेकर कहा, ”उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है. इसमें जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे. इसके साथ ही मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है.”

यूपी परिवहन मंत्री ने भी व्यक्त किया दुख

यूपी के परिवहन मंत्री ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, जनपद उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. जिला प्रशासन व परिवहन विभाग के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दे दिए गए हैं. ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं.

ड्राइवर को झपकी लगने से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि हादसा ड्राइवर को झपकी लगने की वजह से हुआ. फिलहाल हादसे में मारे और घायलों के नाम व पते की जानकारी ली जा रही है. सभी घायलों को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया है. इस बीच एसडीएम नम्रता सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और उन्होंने मौके का मुआयना किया. इसके बाद सीएचसी पहुंचकर सभी घायलों से जानकारी ली. साथ ही डॉक्टरों को घायलों का तुरंत इलाज करने का निर्देश दिया.

 

Filed under India Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.