Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 34°C

दिल्ली-NCR में सुबह से झमाझम बारिश, महाराष्ट्र में नदियां उफान पर; यूपी-उत्तराखंड में अलर्ट जारी

दिल्ली-NCR में सुबह से झमाझम बारिश, महाराष्ट्र में नदियां उफान पर; यूपी-उत्तराखंड में अलर्ट जारी

देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून एक्टिव है, इसकी वजह से कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोग पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान थे, लेकिन इस बीच गुरुवार की सुबह दिल्ली में हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। दिल्ली में रोजाना किसी न किसी इलाके में बादल बरस रहे हैं।

बुधवार की सुबह भी राजधानी में झमाझम बारिश हुई थी। बारिश की वजह से दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत मिलने के साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। दिल्ली के द्वारका और लाजपत नगर के साथ ही बादल नोएडा और गाजियाबाद में भी मेहरबान रहे।

मनाली में आधी रात फटा बादल

उधर गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के मनाली में आधी रात बादल फटने से अंजनी महादेव नदी व आखरी नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ आने से पलचान, रुआड व कुलंग गांव में अफरा तफरी मच गई। नदी से आ रही भयंकर आवाज से हर कोई सहम गया। बाढ़ से पलचान में दो घर बह गए हैं जबकि एक घर को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पुल व पावर प्रोजेक्ट को भी नुकसान पहुंचा है। घरों में रह रहे लोगों ने भागकर जान बचाई लेकिन घर बाढ़ की चपेट में आ गए।

उत्तर प्रदेश में मानसून ब्रेक लेकर फिर से हुआ सक्रिय

उत्तर प्रदेश में भी मानसून ब्रेक लेकर अब फिर से सक्रिय हो गया है। अगले कुछ घंटे के भीतर यूपी के तमाम जिलों में बादल फिर से बरसेंगे और मौसम सुहावना होगा। मानसून एक्टिव होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है।

उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला धीमा पड़ा

उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला धीमा पड़ गया है। ज्यादातर इलाकों में आंशिक बादल मंडराने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो रही है। हालांकि, कहीं-कहीं अब भी तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी तीन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा में 38 फीसदी कम बारिश दर्ज

इस बीच मानसून हरियाणा में धरती की प्यास को ज्यादा नहीं बुझा पाया है। बीच-बीच में हुई बारिश के बावजूद राज्य में 38 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में अभी तक 72.2 एमएम बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया। यह बारिश एक जुलाई से 24 जुलाई के बीच में हुई। वहीं, आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है।

खतरे के स्तर से ऊपर बह रही मुला मुथा नदी

महाराष्ट्र में इस मानसून अच्छी बारिश देखने को मिली है। पिछले दिनों से हो रही झमाझम बारिश से राज्य की ज्यादातर डैम, तालाब और नदियां लबालब भर गए हैं। पुणे से होकर बहने वाली मुला मुथा नदी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 25 जुलाई को गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में वर्षा की चेतावनी जारी की है।

Filed under India Delhi Maharashtra

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.