Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

‘गाजा पर तो खूब बोले थे, बांग्लादेश के हिंदुओं पर चुप क्यों?’ अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

‘गाजा पर तो खूब बोले थे, बांग्लादेश के हिंदुओं पर चुप क्यों?’ अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

लोकसभा में बीजेपी के सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी गाजा की चिंता तो करते हैं लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख को पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी और कहा कि हमारे जो हिंदू और अलल्पसंख्यक वहां पर हैं, उनकी सुरक्षा और विकास सुनिश्चित की जाए लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया।

‘गाजा को लेकर तो बड़ी-बड़ी बातें की थीं’

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख को बधाई देते समय हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का जिक्र तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष ने जब बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख को बधाई दी, तब उन्होंने वहां के हिंदुओं की सुरक्षा की कोई बात नहीं की। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की बात नहीं कर सके, जबकि गाजा को लेकर कांग्रेस ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं।

पीएम मोदी ने यूनुस से किया था आग्रह

बता दें कि शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस ने गुरुवार को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया के रूप में शपथ ली है। मोहम्मद यूनुस के शपथ लेने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी थी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हमले के विरोध में आवाज उठाई और मोहम्मद यूनुस से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया था।

कांग्रेस की चुप्पी पर बीजेपी हमलावर

दूसरी तरफ, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी मोहम्मद यूनुस को बधाई दी। हालांकि अपने बधाई संदेश में उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अत्याचार पर कुछ भी नहीं कहा। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस के तमाम नेताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में एक शब्द भी नहीं बोला है। यही वजह है कि बीजेपी लगातार कांग्रेस पर निशाना साधे जा रही है।

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.