मुंबई के चर्चगेट स्टेशन पर कैंटीन में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
मुंबई: चर्चगेट रेलवे स्टेशन पर स्थित एक कैंटीन में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि पूरे स्टेशन परिसर में धुआं फैल गया और यात्री दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने के लिए तेजी से प्रयास शुरू किए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तस्वीरों में कैंटीन के भीतर से भीषण लपटें उठती नजर आ रही हैं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है। दमकल विभाग और रेलवे प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी और कारण से।
इस दौरान स्टेशन पर यातायात भी प्रभावित हुआ और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थिति पर अब नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।