Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 36°C

बीजापुर में ताबड़तोड़ एक्शन जारी, 7 माओवादियों के शव और हथियारों का जखीरा बरामद

बीजापुर में ताबड़तोड़ एक्शन जारी, 7 माओवादियों के शव और हथियारों का जखीरा बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा एक्शन हुआ है। यहां के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अब तक 7 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इसमें से 2 माओवादियों की पहचान भी हो गई है और बाकी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

सामने आया बस्तर के IG का बयान

बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने बताया, ‘बीजापुर जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने अब तक कुल 7 माओवादियों के शव बरामद किए हैं। इनमें केंद्रीय समिति सदस्य गौतम उर्फ ​​सुधाकर और तेलंगाना राज्य समिति सदस्य भास्कर के शव शामिल हैं।’

उन्होंने बताया, ‘बीजापुर जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में जारी नक्सल विरोधी अभियान के तहत 5, 6 और 7 जून 2025 को हुई कई मुठभेड़ों के बाद कुल 7 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों द्वारा बरामद किए गए 5 अज्ञात माओवादियों के शवों की पहचान का पता लगाने के प्रयास अभी जारी हैं।’

भारी मात्रा में हथियार भी बरामद

बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने बताया, ‘शवों की बरामदगी के साथ ही मुठभेड़ स्थलों से 2 एके-47 राइफलों सहित हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा जब्त किया गया है। आसपास के जंगली इलाकों में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। कुछ सुरक्षाकर्मियों को सांप के काटने, मधुमक्खी के डंक मारने, निर्जलीकरण और अन्य ऑपरेशनल चोटों के कारण चोटें आईं। उन्हें अभी उचित चिकित्सा प्रदान की जा रही है। उनकी हालत सामान्य है और खतरे से बाहर है।’

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का बयान आया

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा, ‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी डेडलाइन तय की है कि 2026 तक भारत से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा। पुलिस भी पूरी ताकत से काम कर रही है और हमें 100 फीसदी सफलता मिलेगी।’

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की वजह से कई नक्सलियों का खात्मा हुआ है और कई ने सरेंडर किया है। सरकार का कहना है कि जल्द ही नक्सलवाद से देश को मुक्ति मिल जाएगी।

Filed under Chhattisgarh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.