Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 33°C

जल्द ही देशभर में 50 नई नमो भारत पैसेंजर और 100 मेमो ट्रेनें चलेंगी : अश्विनी वैष्णव

जल्द ही देशभर में 50 नई नमो भारत पैसेंजर और 100 मेमो ट्रेनें चलेंगी : अश्विनी वैष्णव

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को हरियाणा के मानेसर स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के संयंत्र परिसर में ‘गति शक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल’ के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे ने बीते 11 वर्षों में बुनियादी ढांचे के विकास में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने बताया कि जहां पहले रेलवे का वार्षिक बजट मात्र 24 से 25 हजार करोड़ रुपये होता था, वह अब बढ़कर 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह बजट वृद्धि रेलवे के आधुनिकिकरण और विस्तार की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। वैष्णव ने कहा कि बीते ढाई वर्षों में ही रेलवे को 1200 से अधिक जनरल कोच प्राप्त हुए हैं और अब जल्द ही 100 नई मेनलाइन ईएमयू (MEMU) ट्रेनों को देशभर में चालू किया जाएगा। इनमें 16 और 20 कोच वाली नई ट्रेनें होंगी, जो पुराने मॉडलों की तुलना में कहीं अधिक यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का अवसर देंगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि 50 नई ‘नमो भारत’ पैसेंजर ट्रेनें जल्द ही रेल नेटवर्क में जोड़ी जाएंगी, जिससे विशेषकर शॉर्ट-डिस्टेंस यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने हरियाणा राज्य में रेल बुनियादी ढांचे की विशेष चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद से राज्य में रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण किया गया है और 823 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए गए हैं, जो संयुक्त अरब अमीरात के कुल रेलवे नेटवर्क से भी बड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस समय 34 अमृत भारत स्टेशन प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जबकि अब तक 540 ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा चुके हैं।

सोनीपत में स्थित रेलवे कारखाने के आधुनिकीकरण की परियोजना का उल्लेख करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि इसके लिए विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है और जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा को रेलवे बजट में केवल 315 करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि 2014 से अब तक कुल 3416 करोड़ रुपये राज्य को आवंटित किए जा चुके हैं, जिससे रेलवे विकास को नई रफ्तार मिली है।

इस अवसर पर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीईओ हिसाशी ताकेउची ने केंद्रीय रेल मंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कहा कि गति शक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल से उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, उत्तर रेलवे के जीएम अशोक कुमार वर्मा, एचआरआईडीसी के एमडी नरेंद्र डी चंबुर, मारुति सुजुकी के वरिष्ठ अधिकारी सहित राज्य व जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संयुक्त रूप से गति शक्ति टर्मिनल से पहली कार्गो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया’ पहल को और सशक्त करेगा।

 

हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे

Like, Share and Subscribe our YouTube channel

🔗 https://youtube.com/@user-oneindianews?feature=shared

Filed under India

Share this story

Latest News

Explore Districts

News from every corner of Gujarat.