थाईलैंड में जानवरों और इंसानों के बीच के भावनात्मक रिश्ते की एक अनोखी मिसाल सामने आई है, जहां हाथियों और उनकी केयरटेकर के बीच की जुगलबंदी ने इंटरनेट पर लाखों दिल जीत लिए हैं। सेव एलीफेंट फाउंडेशन की संस्थापक लेक चैलर्ट द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस वीडियो में, दो हाथी उनके पास खड़े हैं जबकि वह मिट्टी के टीले पर बैठकर एक मधुर धुन गा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि हाथी भी उस धुन में अपने तरीके से सुर मिलाने लगते हैं, मानो वे भी उस गीत का हिस्सा हों।
वीडियो में एक हाथी धीरे से अपनी सूंड बढ़ाकर चैलर्ट को स्नेह से छूता है, जो इस गहरे बंधन की भावुक झलक पेश करता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए चैलर्ट ने लिखा, “बहुत लोग मुझसे पूछते हैं कि मैं कैसे समझती हूं कि हाथियों को क्या चाहिए। इसका जवाब सरल है: अपने दिल की सुनो। उनकी ज़रूरतें हमारी ज़रूरतों से अलग नहीं हैं – सुरक्षा, भोजन और खुशी।“
उन्होंने यह भी कहा कि यदि इंसान यह भ्रम तोड़ दे कि वे जानवरों से श्रेष्ठ हैं और उनके साथ शांति से रहना शुरू करें, तो वे जानवरों में भी गहरी सुंदरता को देख पाएंगे। “अगर हम दिल खोल दें, तो खुशी और शांति कहीं भी मिल सकती है,“ उन्होंने आगे जोड़ा।
लेक चैलर्ट के अनुसार, हाथियों को संगीत पसंद है और जब वे तनावमुक्त होते हैं, तो वे अक्सर गाने में शामिल हो जाते हैं। “मेरे सबसे अच्छे पल तब होते हैं जब मैं हाथियों के बीच होती हूं। वे मेरा परिवार हैं, और उनकी खुशी मेरी भी खुशी है,“ उन्होंने भावुक होकर कहा।
इस वीडियो को अब तक 1.41 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है और सोशल मीडिया पर इसे भरपूर प्यार मिल रहा है। यूजर्स इसे “सबसे शांतिपूर्ण चीज़”, “प्यारा रिश्ता”, “शुद्ध जादू” और “दिल को छू लेने वाला पल” बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “वह उन्हें अपने बच्चों की तरह मानती हैं, यह बेहद खूबसूरत है।”