तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने स्टंटमैन एस. एम. राजू की मौत ने पूरे सिनेमा जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह दुखद हादसा अभिनेता आर्य की अपकमिंग फिल्म वेट्टुवन के सेट पर हुआ, जिसका निर्देशन पा. रंजीत कर रहे हैं। शूटिंग के दौरान एक खतरनाक सीन में तेज रफ्तार कार पलटाने का स्टंट करते समय राजू की जान चली गई। कुछ वीडियो फुटेज में देखा गया कि राजू बेहद तेज गति से कार चला रहे थे, और यही स्टंट उनके लिए घातक बन गया। हादसा इतना भयानक था कि क्रू के सदस्य घबरा गए और तुरंत कार की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
राजू की मौत के बाद सेट का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। उनके करीबी मित्र और अभिनेता विशाल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक भावुक श्रद्धांजलि देते हुए इस खबर की पुष्टि की। विशाल ने लिखा कि वह राजू को कई वर्षों से जानते थे और उन्होंने उनकी फिल्मों में कई बार खतरनाक स्टंट किए थे। उन्होंने राजू को एक बहादुर इंसान बताते हुए उनके परिवार को आजीवन सहारा देने की बात कही और कहा कि वे उनके परिवार के भविष्य के लिए हमेशा मौजूद रहेंगे।
इस हादसे पर लोकप्रिय स्टंट कोरियोग्राफर स्टंट सिल्वा ने भी इंस्टाग्राम पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “हमारे महान कार जंपिंग स्टंट कलाकारों में से एक, एस. एम. राजू का आज कार स्टंट करते समय निधन हो गया। हमारी स्टंट यूनियन और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री उन्हें हमेशा याद रखेगी।” एसएम राजू तमिल सिनेमा के एक अनुभवी स्टंटमैन थे, जिन्होंने अपने करियर में कई फिल्मों में खतरनाक स्टंट्स को अंजाम दिया था।

फिलहाल, न तो अभिनेता आर्य और न ही निर्देशक पा. रंजीत ने इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। बताया जा रहा है कि फिल्म वेट्टुवन एक मल्टी-स्टारर प्रोजेक्ट है, जिसमें शोभिता धुलिपाला, अट्टाकथी दिनेश, कलैयारासन और लिंगेश भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। राजू की असमय मौत ने न केवल उनके परिवार को बल्कि पूरे फिल्म जगत को स्तब्ध कर दिया है।