हिमाचल में भूस्खलन से पांवटा साहिब-शिलाई हाईवे बंद
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर एक बार फिर भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। शिलाई के समीप ‘उतरी’ नामक स्थान पर मंगलवार रात को हुए भारी भूस्खलन से पहाड़ का बड़ा हिस्सा सड़क पर गिर गया, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। घटना के समय कई वाहन सड़क पर मौजूद थे, लेकिन चालक समय रहते सावधानी बरतते हुए सुरक्षित बच निकले। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
भूस्खलन के चलते सड़क के दोनों ओर भारी वाहन जाम में फंसे हुए हैं, जबकि छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। इससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं, अस्पताल पहुंचने वाले मरीज और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सब्जी मंडियों की ओर जाने वाले ट्रकों और यात्रियों को ले जाने वाली बसें भी रास्ता खुलने का इंतजार कर रही हैं।
जिला सिरमौर के पावंटा साहिब-गुम्मा हाईवे पर शिलाई में दरका पहाड़… pic.twitter.com/w4aj9Ek091
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) July 16, 2025
उल्लेखनीय है कि यह मार्ग हिमाचल प्रदेश के पहले ग्रीन कॉरिडोर निर्माण के तहत आता है और पिछले तीन वर्षों से यहां निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे यह सड़क अक्सर भूस्खलन या चट्टानें गिरने के कारण बाधित होती रहती है। जुलाई की शुरुआत में भी इसी स्थान पर 20 घंटे तक हाईवे बंद रहा था। भारी बारिश से सिरमौर जिले की कई सड़कें लोक निर्माण विभाग की ओर से रोजाना बंद घोषित की जा रही हैं, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा हाईवे को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं, जबकि लोगों से खराब मौसम और पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय सावधानी बरतने की अपील की गई है।