नई दिल्ली में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी राजेश खिमजी को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजेश ने अब तक पूछताछ में बेहद अजीबो-गरीब बातें बताई हैं।
भैरव स्वरूप के कुत्ते का आदेश!
राजेश का कहना है कि वह शिव मंदिर बनाकर पूजा करता है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उसे शिवलिंग में भगवान शिव के भैरव स्वरूप के दर्शन हुए, और भैरव स्वरूप में आए कुत्ते ने उसे दिल्ली जाकर अपनी बात रखने का आदेश दिया। इसी वजह से वह उज्जैन से दिल्ली आया।
बिना टिकट ट्रेन से दिल्ली पहुँचा
सूत्रों के मुताबिक, राजेश बिना टिकट ट्रेन से दिल्ली पहुँचा और स्टेशन पर किसी से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के घर का पता पूछा। फिर मेट्रो के जरिए निकल पड़ा, लेकिन गलत स्टेशन पर उतर गया। बाद में राहगीरों से पता पूछकर रिक्शे से सीएम के निजी आवास तक पहुँचा और रिक्शा चालक को 50 रुपये दिए।
अनसुनी हुई तो कर दिया हमला
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मुख्यमंत्री से सिर्फ कुत्तों को दिल्ली से बाहर न करने की अपील करने आया था। लेकिन जब मुख्यमंत्री ने उसकी बात अनसुनी कर दी, तो उसने उन पर हमला कर दिया। राजेश का कहना है कि अपनी समस्या बताने के बाद वह शाम की ट्रेन से गुजरात लौटने वाला था।
अयोध्या में भी कर चुका हंगामा
जांच में खुलासा हुआ है कि राजेश इस साल मई में अयोध्या भी गया था, जहाँ उसने किसी मुद्दे पर धरना शुरू कर दिया था। इसके चलते सुरक्षा गार्डों ने उसकी पिटाई कर दी थी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel