दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की साजिश के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी राजेश खिमजी भाई साकरिया ने स्वीकार किया कि उसका प्लान मुख्यमंत्री पर चाकू से हमला करने का था। हालांकि मौके पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती देखकर उसने अपना इरादा बदल दिया और चाकू को फेंक दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर यह चाकू राजपूर रोड स्थित कब्रिस्तान से बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह चाकू उसने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास एक सब्जी वाले की रेहड़ी से उठाया था।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही राजेश के साथी तहसीन सैयद को गिरफ्तार कर लिया था। तहसीन ने राजेश को हमले की योजना के लिए 2 हजार रुपए दिए थे और पूरे प्लान की जानकारी भी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि तहसीन को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल राजेश साकरिया और तहसीन सैयद दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही, इन दोनों पर आपराधिक साजिश (क्रिमिनल कॉन्स्पिरेसी) का केस दर्ज किया गया है। यह आरोप भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 के तहत लगाया गया है, जिसके अनुसार अगर दो या दो से अधिक लोग मिलकर किसी गैरकानूनी काम की योजना बनाते हैं तो उनके खिलाफ साजिश का मुकदमा दर्ज किया जाता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel