पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब तक पहुँचाई जाने वाली ड्रग्स अब छत्तीसगढ़ में भी सप्लाई की जा रही थी। इस अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा रायपुर पुलिस ने किया है। पुलिस ने इस मामले में सरगना समेत पाँच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पाकिस्तान मेड पिस्टल और 80 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ़्तार किए गए आरोपितों में मुख्य सरगना रूपिंदर सिंह के अलावा उसके साथी नौसाद मोहम्मद, अरबाज और तौसीफ शामिल हैं। यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन और अफीम पंजाब में मंगवाता था। इसके बाद ड्रग्स को सड़क मार्ग से छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में सप्लाई किया जाता था।
मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने कबीर नगर के वीर सावरकर नगर स्थित बंगाली होटल के पास से पंजाब निवासी रूपिंदर सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा), अफीम, एक पाकिस्तान मेड पिस्टल और 80 जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस पूछताछ में रूपिंदर ने बताया कि उसे पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप पंजाब में मिलती थी। इसके बाद वह माल छत्तीसगढ़ लाकर रायपुर, बिलासपुर और धमतरी समेत कई जिलों में तस्करी करता था।
आईजी अमरेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि नेटवर्क के सरगना रूपिंदर सिंह और उसके चार साथियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य कड़ियों की तलाश कर रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel