देश का पहला बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम शुरू
नेशनल हाईवे पर अब लोगों को टोल टैक्स चुकाने के लिए लंबी लाइनों में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की प्रवर्तित कंपनी भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड (IHMCL) ने आईसीआईसीआई बैंक के साथ समझौता किया है, जिसके तहत देश का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है। शुरुआत गुजरात के चोर्यासी टोल प्लाजा (NH-48) से होगी। यह देश का पहला बैरियर-फ्री टोल प्लाजा होगा। इसके अलावा हरियाणा के घरौंदा टोल प्लाजा (NH-44) पर भी यह सिस्टम लागू करने की तैयारी है।
25 हाईवे पर लागू होगा MLFF सिस्टम
NHAI चालू वित्त वर्ष में देश के लगभग 25 नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर MLFF सिस्टम लागू करने की योजना बना रहा है। इसके लिए संभावित टोल प्लाजा की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इस पहल से टोलिंग सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी और आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।
कुशल और पारदर्शी टोलिंग का नया युग
NHAI के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा कि यह समझौता भारत में टोलिंग के विकास और आधुनिकीकरण में एक महत्वपूर्ण कदम है। टेक्नोलॉजी आधारित यह बदलाव न सिर्फ टोल कलेक्शन को आसान बनाएगा, बल्कि इसे ज्यादा कुशल, पारदर्शी और यूजर-फ्रेंडली भी बनाएगा।
कैसे काम करेगा MLFF सिस्टम
मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम में गाड़ियों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा।
- इसमें RFID रीडर्स और ANPR कैमरे लगे होंगे, जो वाहन के फास्टैग और रजिस्ट्रेशन नंबर को पढ़ लेंगे।
- इसके जरिए गाड़ी गुजरते समय ही टोल टैक्स स्वतः कट जाएगा।
- इस व्यवस्था से न सिर्फ टोल पर भीड़भाड़ खत्म होगी, बल्कि यात्रा समय कम होगा, ईंधन की खपत घटेगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
स्मार्ट और तेज हाईवे नेटवर्क की ओर कदम
MLFF सिस्टम के लागू होने से देश भर में टोल रेवेन्यू कलेक्शन और हाईवे संचालन ज्यादा स्मार्ट और कुशल हो जाएगा। यह कदम भारत के टेक्नोलॉजी-संचालित नेशनल हाईवे नेटवर्क की ओर एक बड़ा बदलाव साबित होगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel