दिल्ली के लाल किला परिसर में चल रहे जैन धर्म के धार्मिक अनुष्ठान से एक करोड़ रुपये का कीमती कलश चोरी होने का मामला सामने आया है। कारोबारी सुधीर जैन रोजाना पूजा के लिए यह कलश लेकर आते थे। बीते मंगलवार को जब कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी शामिल हुए थे, तभी स्वागत की भीड़भाड़ और अफरातफरी के बीच यह कलश मंच से गायब हो गया। घटना के बाद से दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां साफ तौर पर कैद हुई हैं। जांच में सामने आया कि यह शख्स कई दिनों से धोती-कुर्ता पहनकर अनुष्ठान स्थल के आसपास घूम रहा था और भीड़ में घुल-मिल गया था। इसी वजह से किसी को उस पर शक नहीं हुआ। जैसे ही ओम बिड़ला आयोजन स्थल से रवाना हुए, इस व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाकर कलश चोरी कर लिया।
लाल किले के परिसर में जैन समाज का चल रहा था प्रोग्राम | एक करोड़ कीमत से बने सोने ,हीरे का मुकुट चोरी।
सीसीटीवी कैमरे में चोर हुआ कैद || pic.twitter.com/UlVfYw5fWX
— Hussainjaved (#India News ) (@hussainjaved81) September 6, 2025
बताया जा रहा है कि चोरी हुआ कलश पूरी तरह सोने का बना है और उसका वजन करीब 760 ग्राम है। इसके अलावा इस पर 150 ग्राम हीरे, माणिक्य और पन्ना जड़े हुए हैं। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि पूरे अनुष्ठान स्थल से सिर्फ यही कलश चोरी हुआ, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी किसी जानकार व्यक्ति ने ही की होगी, जिसे इसकी वास्तविक कीमत और महत्व का पता था।
लाल किला परिसर में जैन समुदाय का यह धार्मिक अनुष्ठान 15 अगस्त पार्क में चल रहा है और 9 सितंबर तक जारी रहेगा। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और संदिग्ध की पहचान कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि चोर की गिरफ्तारी जल्द ही हो सकती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel