हाई प्रोफाइल हनीमून मर्डर केस में मेघालय पुलिस ने अपनी जांच पूरी करते हुए चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला मध्य प्रदेश के इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की सनसनीखेज हत्या से जुड़ा है, जिसने पूरे देश का ध्यान खींचा था। शिलॉन्ग के ईस्ट खासी हिल्स के एसपी विवेक साईम ने बताया कि पुलिस ने 790 पन्नों की चार्जशीट शुक्रवार देर शाम सोहरा कोर्ट में पेश की।
चार्जशीट के मुताबिक, इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसका कथित प्रेमी राज कुशवाहा ही हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की साजिश को अंजाम देने में आकाश राजपूत, आनंद कुर्मी और विशाल सिंह चौहान ने भी अहम भूमिका निभाई। इन पांचों आरोपियों पर हत्या, सबूत मिटाने और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसपी विवेक साईम ने आगे बताया कि फिलहाल सभी पांच आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। इसके अलावा तीन और सह-आरोपियों के खिलाफ जल्द ही पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इन सह-आरोपियों में प्रॉपर्टी डीलर सिलोमे जेम्स, बिल्डिंग मालिक लोकेन्द्र तोमर और सिक्योरिटी गार्ड बलबीर आहिरवार के नाम शामिल हैं। इन पर सबूत छुपाने और नष्ट करने का आरोप है। हालांकि, ये तीनों आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel