ओडिशा के कोरापुट जिले से शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कोरापुट बस स्टैंड के पास स्थित एक मार्केट कॉम्प्लेक्स की इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि पाँच से अधिक लोगों के फँसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जैसे ही घटना की सूचना मिली, स्थानीय अग्निशमन सेवा, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में अभी भी दुकान मालिक समेत कई लोग फँसे हो सकते हैं, लेकिन पीड़ितों की सही संख्या की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
#ଭୁଶୁଡ଼ିଲା_ମାର୍କେଟ୍_କମ୍ପ୍ଲେକ୍ସ_ଛାତ
କୋରାପୁଟ ଏସପିଙ୍କ କାର୍ଯ୍ୟାଳୟ ଆଗରେ ଥିବା ମାର୍କେଟ୍ କମ୍ପ୍ଲେକ୍ସ ଛାତ ଭୁଶୁଡ଼ିଲା। ଛାତ ତଳେ ଚାରି ଜଣ ଚାପି ହୋଇ ରହିଥିବା ଆଶଙ୍କା। ପୁଲିସ ଓ ଅଗ୍ନିଶମ ବିଭାଗ ପକ୍ଷରୁ ଉଦ୍ଧାର କାର୍ଯ୍ୟ ଜାରି।#Koraput #Odisha #Sambad pic.twitter.com/vqKJw3uuWt
— Sambad (ସମ୍ବାଦ) (@sambad_odisha) September 13, 2025
प्रारंभिक जाँच में यह सामने आया है कि इमारत काफी पुरानी थी और पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश ने उसकी संरचना को कमजोर कर दिया था। बताया गया कि कॉम्प्लेक्स का केवल अंतिम हिस्सा ही गिरा है, जबकि बाकी हिस्सा अभी सुरक्षित है। अधिकारियों ने कहा कि हादसे के सही कारण का पता विस्तृत जाँच के बाद ही चल सकेगा।
यह घटना घनी आबादी वाले इलाके में हुई, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। हादसे की जानकारी मिलते ही कोरापुट के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और बचाव कार्यों की निगरानी करने लगे। घटनास्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने और आगे किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।