धार में दिल दहला देने वाली वारदात
मध्य प्रदेश के धार जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। कुक्षी थाना क्षेत्र के अली गांव में शुक्रवार को एक पांच साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त था और उसने बच्चे को उसके ही घर में मौत के घाट उतार दिया।
नुकीले हथियार से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 25 वर्षीय आरोपी महेश बाइक पर सवार होकर गांव पहुंचा और कालू सिंह के घर में घुस गया। उसने बिना कुछ कहे घर में रखा एक नुकीला औज़ार (फावड़े जैसा) उठाया और पांच साल के विकास पर हमला कर दिया। वार इतना भयानक था कि बच्चे की गर्दन एक ही झटके में धड़ से अलग हो गई। इसके बाद भी आरोपी रुका नहीं, उसने बच्चे के कंधे पर भी वार किए जिससे शरीर क्षत-विक्षत हो गया। हैरानी की बात यह है कि महेश पीड़ित परिवार का जानने वाला भी नहीं था।
मां के सामने हुआ खौफनाक मंजर
हमले के वक्त बच्चे की मां मौके पर ही मौजूद थी। उसने अपने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की और इस दौरान खुद भी घायल हो गई, लेकिन वह मासूम को नहीं बचा सकी। अपने बेटे की मौत देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
भीड़ ने आरोपी को पीटा
मां की चीखें सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने महेश को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की जांच और आरोपी का बैकग्राउंड
धार के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि आरोपी की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महेश मानसिक रूप से बीमार था। वह अलीराजपुर जिले के जोबट बागड़ी का रहने वाला था और कई दिनों से घर से लापता था। परिजनों का भी कहना है कि उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी।
गांव में मातम का माहौल
घटना से एक घंटे पहले ही आरोपी ने कथित तौर पर पास की एक दुकान से सामान चुराने की कोशिश की थी। मासूम की हत्या ने पूरे गांव को हिला दिया है और इलाके में गहरा शोक का माहौल है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel