भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सकारात्मक शुरुआत की। लगातार सात दिन की गिरावट के बाद बाजार में हल्की रिकवरी देखने को मिली। 30 सितंबर को सुबह 9:22 बजे बीएसई सेंसेक्स 300.80 अंक चढ़कर 80,665.74 पर पहुंच गया। इसी तरह, निफ्टी 50 भी 93.75 अंक की तेजी के साथ 24,728.65 पर कारोबार कर रहा था।
निवेशकों की निगाह अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के रेपो रेट फैसले पर टिकी हुई है, जो बुधवार को आने वाला है। हाल के दिनों में अमेरिकी टैरिफ बढ़ोतरी और H-1B वीजा फीस में बढ़ोतरी जैसे वैश्विक दबाव की वजह से घरेलू बाजार पर दबाव देखने को मिल रहा था। इसी कारण निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के साथ अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी टोटल गैस, अदाणी पोर्ट्स और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स भी मजबूती के साथ ट्रेड कर रहे थे। बैंकिंग सेक्टर बाजार को ऊपर खींच रहा था, जहां निफ्टी बैंक 180 अंक या 0.33% बढ़कर 54,641 पर पहुंच गया। ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, मेटल, एनर्जी, प्राइवेट बैंक और कमोडिटीज इंडेक्स में भी तेजी रही। हालांकि, एफएमसीजी, रियल्टी, मीडिया, एनर्जी और इन्फ्रा सेक्टर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला, जहां निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 57 अंक बढ़कर 56,591 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 24 अंक चढ़कर 17,572 पर था।
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, जोमैटो (इटरनल), अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, बीईएल, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक, एचयूएल, इन्फोसिस और टेक महिंद्रा शामिल थे। वहीं, टॉप लूजर्स में एलएंडटी, आईटीसी, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, ट्रेंट और एनटीपीसी रहे।
सोमवार को बाजार लगातार सातवें दिन गिरावट के साथ बंद हुआ था। उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद बीएसई सेंसेक्स 61.52 अंक यानी 0.08% टूटकर 80,364.94 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 19.80 अंक यानी 0.08% गिरकर 24,634.90 पर आ गया था।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel