उत्तर प्रदेश के कानपुर से शुरू हुआ ‘I Love Muhammad’ विवाद अब पंजाब के जालंधर तक पहुँच गया है और यहाँ पर भी माहौल तनावपूर्ण बन गया है। शुक्रवार (3 अक्टूबर 2025) की शाम करीब 4 बजे ऑल इंडिया उलेमा काउंसिल के चेयरमैन मोहम्मद अकबर अली के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोग कमिश्नर कार्यालय के बाहर इकट्ठा होकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना था कि वे देशभर में मुस्लिम समुदाय के साथ हो रहे कथित भेदभाव और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शन में ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगाए जा रहे थे। इसी बीच वहाँ से गुजर रहे स्कूटी सवार एक हिंदू युवक योगेश ने प्रतिक्रिया स्वरूप ‘जय श्री राम’ कह दिया। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने योगेश को रोक लिया, उसकी स्कूटी की चाबी छीन ली और उसके साथ मारपीट करने का प्रयास किया। योगेश ने आरोप लगाया कि उसे जबरन ‘अल्लाह हू अकबर’ बोलने के लिए कहा गया और धमकी दी गई कि अगर उसने ऐसा नहीं किया तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। युवक का यह भी दावा है कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। एक तरफ ‘जय श्रीराम’ के नारे गूँजने लगे, तो दूसरी ओर ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगाए गए। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और टकराव की स्थिति बन गई। विरोध में हिंदू संगठनों ने प्रेस क्लब चौक पर प्रदर्शन किया और बाद में बीएमसी चौक पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर अपने विरोध को दर्ज कराया।
पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। योगेश की शिकायत पर पुलिस ने मुस्लिम समुदाय से जुड़े अयूब खान, नमीन खान और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डीसीपी नरेश डोगरा ने स्पष्ट कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता और जो भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, हिंदू संगठनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की माँग करते हुए शनिवार सुबह 11 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जाँच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel