हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए फर्जी वोटिंग के आरोप पर अब बड़ा खुलासा हुआ है। राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि हरियाणा में करीब 25 लाख फर्जी वोटर हैं, यानी राज्य में हर आठवां वोट नकली है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कई मतदाताओं की तस्वीरें एक जैसी हैं और एक ही व्यक्ति की फोटो अलग-अलग नामों से कई बार इस्तेमाल की गई है। राहुल ने उदाहरण देते हुए कहा था कि एक मतदाता की तस्वीर दो बूथों पर 223 बार अलग-अलग नामों से दर्ज की गई है। इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि CCTV फुटेज को नष्ट किया जा रहा है ताकि फर्जीवाड़े के सबूत मिटाए जा सकें।
राहुल गांधी ने विशेष रूप से पलवल जिले का जिक्र करते हुए कहा था कि भाजपा नेता के घर के पते पर 66 वोटर दर्ज हैं। उन्होंने बताया था कि यह मामला होडल विधानसभा क्षेत्र के गुदराना गांव का है और मकान नंबर 150 पर इतने वोट दर्ज हैं। यह मकान भाजपा जिला परिषद के उपाध्यक्ष उमेश का है।
हालांकि, इस मामले में अब सामने आई रिपोर्ट ने स्थिति को नया मोड़ दे दिया है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, जिस मकान का जिक्र राहुल गांधी ने किया था, वह लगभग एक एकड़ में फैला हुआ विशाल घर है। उमेश ने खुद बताया कि उनके परिवार का आकार बड़ा है — उनके दादा के चार भाई थे, और पिता के नौ भाई हुए। पूरे परिवार में लगभग 200 सदस्य हैं, जिनमें से लगभग 150 वोटर हैं। सभी का स्थायी पता वही पुराना पारिवारिक घर है, इसलिए सबके मतदाता कार्ड में एक ही मकान नंबर (150) दर्ज है।
गांव के बीएलओ (Booth Level Officer) ने भी राहुल गांधी के दावे पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कई नए वोट पुराने घर के नंबर पर दर्ज कर दिए गए हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि ये फर्जी वोट हैं। उन्होंने बताया कि घर का नंबर पुराने रिकॉर्ड के हिसाब से लिखा गया है, जबकि कई परिवारों ने उसी परिसर में नए मकान बनाए हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि राहुल गांधी ने होडल के मकान नंबर 265 में 501 वोटर होने का दावा किया था, लेकिन स्थानीय जांच में ऐसा कोई मकान नंबर मिला ही नहीं। इससे कांग्रेस के दावे पर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, राहुल गांधी अपने आरोप पर कायम हैं। उनका कहना है कि हरियाणा में संगठित तरीके से मतदाता सूची में हेरफेर की गई है और भाजपा प्रशासन ने फर्जी वोटर जोड़कर चुनावी लाभ उठाने की साजिश की है। वहीं भाजपा नेताओं ने इन आरोपों को “झूठ और भ्रामक” बताते हुए कहा है कि कांग्रेस चुनावी हार की आशंका में पहले से ही बहाने ढूंढ रही है।
यह मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है, जहां एक तरफ राहुल गांधी “लोकतंत्र की रक्षा” के नाम पर चुनाव आयोग से जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं भाजपा इसे कांग्रेस की “बनावटी कहानी” बता रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel