सऊदी अरब में उमरा यात्रियों की बस से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमवार (17 नवंबर 2025) को मक्का से मदीना जा रही एक बस डीज़ल टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में 42 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में 20 महिलाएँ और 11 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में सवार अधिकांश यात्री भारतीय थे, जिनमें से बड़ी संख्या हैदराबाद से गई थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही तेलंगाना सरकार सक्रिय हो गई है। सरकार ने बताया कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास के सतत संपर्क में है और पीड़ितों की पहचान, आवश्यक दस्तावेज़ीकरण और अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं में सहयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली स्थित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे भारतीय दूतावास के साथ मिलकर पूरी स्थिति की जानकारी जुटाएँ और परिजनों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करें।
हैदराबाद के 40+ उमराह यात्रियों की सऊदी अरब में बस-टैंकर टक्कर के बाद मौत का खतरा।#UmrahTragedy #SaudiAccident #HyderabadPilgrims #BusCrash #IndianVictims
[ Umrah, Pilgrims, Hyderabad, Saudi, Accident ] pic.twitter.com/eCu0nX4XCN
— One India News (@oneindianewscom) November 17, 2025
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शहर की दो ट्रैवल एजेंसियों से यात्रियों का विवरण प्राप्त कर उसे भारतीय दूतावास को उपलब्ध कराया। इसके अलावा, उन्होंने रियाद स्थित भारतीय मिशन के डिप्टी चीफ़ ऑफ मिशन अबू मैथन जॉर्ज से भी बातचीत की है। दूतावास ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर घटना से संबंधित सभी सूचनाएँ एकत्र की जा रही हैं और जल्द ही आधिकारिक अपडेट साझा किया जाएगा।
ओवैसी ने केंद्र सरकार और विशेष रूप से विदेश मंत्री एस. जयशंकर से आग्रह किया है कि मृतकों के शवों को भारत लाने की व्यवस्था की जाए और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए। हादसे ने उमरा यात्रियों और उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, और सभी संबंधित एजेंसियाँ मिलकर राहत और सहायता कार्यों को प्राथमिकता दे रही हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel