हरियाणा के फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें लिफ्ट देने के बहाने दो युवकों ने चलती कार में एक युवती के साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और बाद में उसे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता की बहन के अनुसार, युवती रात करीब 12 बजे घर लौटने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक मारुति सुजुकी ईको वैन वहां रुकी, जिसमें दो युवक सवार थे। उन्होंने युवती को लिफ्ट देने की पेशकश की। युवती के बैठते ही वैन गुरुग्राम–फरीदाबाद रोड की ओर बढ़ गई।
आरोप है कि चलती वैन में दोनों युवकों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और करीब दो घंटे तक उसे अलग-अलग जगह घुमाते रहे। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता की बहन का कहना है कि युवती पूरी तरह असहाय स्थिति में थी और लगातार खुद को बचाने की कोशिश कर रही थी।
देर रात करीब 3 बजे आरोपियों ने युवती को चलती वैन से सड़क पर फेंक दिया। सड़क पर गिरने से उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों को उसके चेहरे पर कई टांके लगाने पड़े। गंभीर हालत में युवती ने किसी तरह अपनी बहन को फोन कर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही बहन मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल ले गई। पहले उसे फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों ने फिलहाल उसे बयान देने के लिए अनफिट घोषित किया है।
पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(डी) (गैंगरेप), 323 (मारपीट) और 34 (साझा इरादा) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। क्राइम ब्रांच ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और घटना में इस्तेमाल वैन भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ के बाद बुधवार को दोनों की औपचारिक गिरफ्तारी किए जाने की बात कही जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel