केरल के पलक्कड़ से विधायक और कांग्रेस से निष्कासित राहुल ममकुटाथिल को आखिरकार क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उनके खिलाफ दर्ज रेप और यौन उत्पीड़न के तीसरे मामले के बाद हुई है। शनिवार (10 जनवरी 2026) की देर रात उन्हें पलक्कड़ के एक होटल से हिरासत में लिया गया और पथानामथिट्टा स्थित एआर कैंप ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ पूरी होने के बाद राहुल ममकुटाथिल को तिरुवल्ला की मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि पथानामथिट्टा जिले की एक महिला की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ रेप का यह तीसरा मामला दर्ज किया गया था। इसी केस में वह काफी समय से फरार चल रहे थे।
पहले से दर्ज दो मामलों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को ही इस नए मामले की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार देर रात SIT ने पलक्कड़ के होटल में छापा मारकर पहले राहुल ममकुटाथिल को हिरासत में लिया और फिर औपचारिक रूप से उनकी गिरफ्तारी दर्ज की।
राहुल ममकुटाथिल पर इससे पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। पहले मामले में उन पर एक महिला के साथ रेप और जबरन गर्भपात कराने का आरोप है, जिसमें केरल हाई कोर्ट से उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिली थी। दूसरे मामले में तिरुवनंतपुरम की सत्र अदालत ने उन्हें अग्रिम जमानत दी थी।
हालांकि तीसरे मामले में गिरफ्तारी के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। तीनों ही केस यौन उत्पीड़न से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा, राहुल ममकुटाथिल पर पहले वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने के आरोप भी लग चुके हैं। हालिया आरोप सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने करीब एक महीने पहले उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel