केरल के कोझिकोड जिले से एक बेहद संवेदनशील और दुखद मामला सामने आया है, जहां 42 वर्षीय व्यक्ति दीपक यू ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि एक महिला द्वारा KSRTC बस के अंदर बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद दीपक मानसिक तनाव में थे। महिला ने वीडियो के आधार पर दीपक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपक गोविंदापुरम इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे और एक टेक्सटाइल कंपनी में काम करते थे। शुक्रवार, 16 जनवरी 2026, को वह KSRTC बस से यात्रा कर रहे थे। उसी बस में शिमजिथा मुस्तफा नाम की महिला भी मौजूद थी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बस में काफी भीड़ थी और दीपक संतुलन बनाए रखने के लिए सीट के ऊपरी हिस्से को पकड़े हुए खड़े थे।
SHOCKING CASE FROM KERALA
41 Year old man named Deepak U dies by suicide after a woman called Shimjitha Musthafa uploaded a video on internet alleging inappropriate touch by him in a crowded bus which went viral. His family claims she made the video for views & he was innocent pic.twitter.com/HKzxFXG5vd
— Deepika Narayan Bhardwaj (@DeepikaBhardwaj) January 18, 2026
वीडियो के शुरुआती हिस्से में महिला दीपक को कुछ दूरी से रिकॉर्ड करती दिखाई देती है। इसके बाद वीडियो का एंगल बदलता है, जिसमें महिला दीपक के और करीब खड़ी नजर आती है और कैमरा उसकी कोहनी की ओर किया जाता है। इसी दौरान एक क्षण ऐसा आता है जब दीपक की कोहनी महिला की छाती से छू जाती है। बताया जा रहा है कि यह संपर्क अनजाने में हुआ और दीपक को इस बात की जानकारी भी नहीं थी कि उसका वीडियो बनाया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद दीपक गहरे तनाव में आ गए थे। उन्होंने अपने परिवार और रिश्तेदारों से कहा था कि उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी और बस के हिलने-डुलने के कारण यह अनचाहा संपर्क हुआ। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर लगातार टिप्पणियाँ और आरोप सामने आते रहे, जिससे उनकी मानसिक स्थिति और बिगड़ती चली गई।
रविवार, 18 जनवरी 2026 की सुबह जब दीपक के माता-पिता ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया। अंदर दीपक फंदे से लटके मिले। इस घटना से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आई हैं। कई लोगों का कहना है कि दीपक निर्दोष थे और महिला ने सोशल मीडिया पर ध्यान आकर्षित करने के लिए जानबूझकर वीडियो बनाया। केरल के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दीपक की आत्महत्या के लिए महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel