लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू गुरुवार को संसद परिसर में एक बार फिर आमने-सामने नजर आए। हालिया विवाद के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात मकर द्वार पर हुई, जहां एक दिलचस्प संयोग यह रहा कि दोनों ने हरे रंग के कपड़े पहन रखे थे। इस पर टिप्पणी करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि “बीजेपी के लिए सब हरा-भरा है, जबकि उनके लिए सब सूखा है।”
दरअसल, एक दिन पहले संसद परिसर में राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी निलंबित सांसदों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे रवनीत सिंह बिट्टू को देखकर उन्होंने कथित तौर पर ‘गद्दार दोस्त’ कहकर संबोधित किया। राहुल गांधी ने उनसे हाथ मिलाने की कोशिश भी की, लेकिन बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और उन्हें देश का दुश्मन बताया।
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया और बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी के बयान को सिख समुदाय का अपमान बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। संसद परिसर में ‘गद्दार’ टिप्पणी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और यह मामला राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
गुरुवार को दोनों नेताओं का एक ही फ्रेम में नजर आना और हरे रंग के कपड़े पहनना भी चर्चा का विषय बना रहा। राहुल गांधी गहरे हरे रंग के स्वेटर में दिखे, जबकि रवनीत सिंह बिट्टू ने हल्के हरे रंग की पगड़ी और जैकेट पहन रखी थी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel