होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा से जुड़ी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। रेलवे का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों में 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है, जो जरूरत पड़ने पर बढ़ाकर 1,500 तक की जा सकती हैं।
त्योहारों के दौरान दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों से उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी भीड़ के कारण टिकट पाने में कठिनाई होती है। इस समस्या को कम करने के लिए रेलवे हर साल विशेष ट्रेनों का संचालन करता है। पिछले वर्ष होली के मौके पर भारतीय रेलवे ने कुल 1,144 स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं, लेकिन इस बार संभावित अधिक यात्री भार को देखते हुए ट्रेनों की संख्या में बड़ा इजाफा किया गया है।
जोनवार आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी मध्य रेलवे इस बार सबसे ज्यादा 285 होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इसके बाद पश्चिमी रेलवे (WR) 231 विशेष ट्रेनें संचालित करेगा। मध्य रेलवे (CR) 209 स्पेशल ट्रेनें चलाकर मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राहत देगा। दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) 160 ट्रेनों के साथ दूसरे प्रमुख स्थान पर है, जबकि उत्तरी रेलवे (NR) 108 होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। उत्तर पश्चिमी रेलवे (NWR) 71 ट्रेनों के जरिए राजस्थान और आसपास के राज्यों के यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा।
इसके अलावा उत्तर मध्य रेलवे (NCR) 66 ट्रेनें, उत्तर पूर्वी रेलवे (NER) और पूर्वी तट रेलवे (ECOR) 62-62 स्पेशल ट्रेनें चलाएंगे। दक्षिण पश्चिमी रेलवे (SWR) 47 और पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) 43 सेवाएं उपलब्ध कराएगा। दक्षिणी रेलवे (SR) 39, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) 15 और कोंकण रेलवे (KR) 9 होली स्पेशल ट्रेनें संचालित करेगा, जबकि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) क्षेत्रीय मांग को देखते हुए 2 विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करना, टिकट उपलब्धता बढ़ाना और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के जरिए ट्रेन की जानकारी प्राप्त करें।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel