दिल्ली सरकार ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और शिक्षित बनाने के उद्देश्य से नई ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह योजना 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। सरकार के अनुसार इस योजना के तहत पात्र परिवारों की अधिकतम दो बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक की पढ़ाई पूरी करने तक अलग-अलग चरणों में आर्थिक सहायता दी जाएगी और पढ़ाई पूरी होने पर मैच्योरिटी राशि के रूप में 1 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
सरकार ने बताया कि योजना के तहत बेटियों को जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक कुल 56 हजार रुपये किस्तों में दिए जाएंगे। इसके बाद स्नातक की पढ़ाई पूरी होने पर योजना मैच्योर होगी और लाभार्थी बेटी को 1 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि मिलेगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से बेटियों की शिक्षा जारी रखने और परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
LIVE: Press Briefing at Delhi Secretariat https://t.co/2xmMF5hHRG
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 10, 2026
योजना के अनुसार एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां ही इस योजना का लाभ उठा सकेंगी। केवल उन्हीं परिवारों की बेटियां पात्र होंगी जिनकी सालाना आय 1 लाख 20 हजार रुपये या उससे कम है। साथ ही यदि कोई बेटी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने से पहले शादी कर लेती है, तो उसे योजना के तहत कोई वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा। सरकार इस योजना पर कुल 160 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि पुरानी ‘लाडली योजना’ को 31 मार्च 2026 से बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाडली योजना का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो पाया और कई बच्चियों तक उनकी राशि नहीं पहुंची। पिछले एक साल में सरकार ने 30 हजार बच्चियों की पहचान कर उन्हें 90 करोड़ रुपये दिए हैं और जल्द ही 41 हजार लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नई योजना शुरू करने की प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ पहल से मिली।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel