आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब आरपीएफ के एक सतर्क कांस्टेबल ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से एक यात्री की जान बचा ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग जवान की सराहना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की खतरनाक जगह में फिसल गया। मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ हेड कांस्टेबल एम नरसिम्हा राव ने तुरंत स्थिति को समझते हुए कार्रवाई की।
https://twitter.com/i/status/2022549495947604229
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही यात्री फिसलता है, हेड कांस्टेबल नरसिम्हा राव तुरंत उसकी ओर दौड़ते हैं और उसे पकड़कर प्लेटफॉर्म की ओर खींच लेते हैं। इस दौरान वे खुद भी प्लेटफॉर्म पर गिर जाते हैं, लेकिन तब तक यात्री सुरक्षित हो चुका होता है। घटना के समय ट्रेन को भी तुरंत रोक दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बाद में यात्री ने अपने परिवार के साथ चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18046) से अपनी यात्रा जारी रखी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग आरपीएफ जवान की मुस्तैदी, साहस और मानवता की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel