असम के सिलचर में 28 साल की युवती के साथ कथित तौर पर चाकू की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 19 फरवरी 2026 की शाम की बताई जा रही है, जब पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड के साथ बायपास रोड पर कार में बैठी थी।
पीड़िता के अनुसार, तभी एक SUV में सवार 7 युवक मौके पर पहुँचे, उन्होंने दोनों को घेर लिया और चाकू दिखाकर युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपितों ने युवती से 10,000 रुपये भी जबरन अपने खाते में ट्रांसफर कराए।
घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी पाँच आरोपितों की तलाश जारी है।
सुनसान सड़क पर वारदात
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने पहले उससे और उसके दोस्त से पूछताछ की और अचानक दोनों को पकड़ लिया। कुछ आरोपितों ने उसके दोस्त को पकड़कर रखा, जबकि अन्य ने उसके सामने ही युवती के साथ दुष्कर्म किया।
मामला सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि शुरुआत में पुलिस इस मामले पर ज्यादा सक्रिय नहीं दिखी। लेकिन 24 फरवरी 2026 को मामला तब चर्चा में आया जब इस घटना की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार सुरजीत चक्रवर्ती पर आरोपितों के परिवार के लोगों ने हमला कर दिया।
पत्रकार ने बताया कि उन्हें नेशनल हाईवे रोड पुलिस स्टेशन के पास रोका गया और रिपोर्टिंग को लेकर सवाल पूछते हुए मारपीट की गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया। इस मामले में भी पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने दो आरोपितों की पहचान कर ली है, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला सिलचर सदर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है और केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel