जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवाद और देश-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में बैठे एक आतंकी हैंडलर की संपत्ति कुर्क कर दी है। यह मामला बिलावर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
पाकिस्तान भागकर चला रहा था आतंकी गतिविधियाँ
पुलिस के अनुसार आरोपी स्वर दीन उर्फ स्वरू, पुत्र अमी दीन, निवासी भटोड़ी (तहसील लोहाई मल्हार), भारत से फरार होकर PoJK और पाकिस्तान चला गया था। वहीं से वह लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
कोर्ट ने घोषित किया अपराधी
पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से कानून से बच रहा था। इसके चलते अदालत ने उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया। उसकी गिरफ्तारी संभव नहीं होने पर अदालत के आदेश पर उसकी 7.5 मरला जमीन कुर्क कर ली गई।
पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम आतंकी नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी आतंकवाद से जुड़े लोगों की संपत्तियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel