गुरुवार को आई भारी गिरावट के बाद शुक्रवार, 20 मार्च को भारतीय शेयर बाजार ने शानदार वापसी की। सुबह बाजार खुलते ही निवेशकों के चेहरे खिल उठे और सेंसेक्स व निफ्टी दोनों हरे निशान में ट्रेड करते नजर आए।
सुबह 9:18 बजे सेंसेक्स 880 अंकों (1.19%) की तेजी के साथ 75,087 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 269 अंक (1.17%) चढ़कर 23,271 के पार निकल गया। प्री-ओपनिंग सेशन से ही बाजार में मजबूती के संकेत मिल रहे थे, जिससे निवेशकों को कल हुए भारी नुकसान से राहत मिली।
बाजार में चौतरफा तेजी
आज के कारोबार में लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में खुले। बैंकिंग, आईटी, मेटल और पीएसयू बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। इसके अलावा FMCG और हेल्थकेयर सेक्टर भी मजबूत बने रहे।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बावजूद निवेशकों का भरोसा बाजार में लौटता दिख रहा है।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में उछाल
Adani Enterprises समेत अदाणी ग्रुप के अधिकांश शेयरों में तेजी देखी गई।
-
Adani Green Energy: ₹881 (3.11% उछाल)
-
Adani Power: ₹155 (करीब 2.5% तेजी)
-
Adani Ports and Special Economic Zone: ₹1,379 (1.74% बढ़त)
-
Adani Energy Solutions: ₹1,040 (3.49% उछाल)
हालांकि Adani Total Gas में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
12 लाख करोड़ डूबने के बाद रिकवरी
गौरतलब है कि 19 मार्च को बाजार में भारी गिरावट आई थी, जब सेंसेक्स करीब 2,497 अंक टूट गया था और निवेशकों के लगभग 12 लाख करोड़ रुपये डूब गए थे। इस गिरावट की मुख्य वजह Iran–Israel conflict और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें थीं।
लेकिन शुक्रवार को बाजार ने मजबूती के साथ वापसी की, जिससे यह संकेत मिलता है कि निचले स्तरों पर निवेशकों ने दोबारा खरीदारी शुरू कर दी है और बाजार का मूड फिर से सकारात्मक हो गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel