आगरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक किरायेदार ने अपने मकान मालिक की 8 साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बच्ची का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को आटे के कनस्तर में छिपा दिया।
यह सनसनीखेज मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के नीतीबाग इलाके का है। जानकारी के अनुसार, बच्ची घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
खेलते समय लापता हुई थी बच्ची
बच्ची की मां ने आसपास खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
आटे के कनस्तर में मिला शव
जांच के दौरान पुलिस को बच्ची के पिता के दूसरे मकान के एक कमरे पर शक हुआ, जो किरायेदार सुनील के कब्जे में था। कमरे का ताला बंद मिला। जब पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर तलाशी ली, तो आटे के कनस्तर में बच्ची का शव बरामद हुआ।
किरायेदार पर हत्या का आरोप
परिजनों ने किरायेदार सुनील पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद परिवार के साथ बच्ची की तलाश में भी शामिल रहा, ताकि शक से बच सके। इतना ही नहीं, वह गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भी परिवार के साथ थाने पहुंचा था।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित की हैं और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel