उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर इलाके से तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान की नागरिक हैं और कई सालों से भारत में अवैध रूप से रह रही थीं।
‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत कार्रवाई
देहरादून पुलिस ने सत्यापन अभियान ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत साईं कॉम्प्लेक्स की एक बहुमंजिला इमारत में छापेमारी कर इन महिलाओं को पकड़ा। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान एरिका (किर्गिस्तान), करीना और निगोरा निम (उज्बेकिस्तान) के रूप में हुई है।
फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस जांच में इनके पास से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि करीना और निगोरा ने नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया, जबकि एरिका वीजा खत्म होने के बावजूद देश में ही रह रही थी।
बार-बार बदलती थीं लोकेशन
पकड़े जाने से बचने के लिए ये महिलाएं दिल्ली सहित कई शहरों में अपनी लोकेशन बदलती रहती थीं। पुलिस के अनुसार, निगोरा को पहले भी बिहार में अवैध प्रवास के मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह अपने देश वापस नहीं गई।
सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता
पुलिस ने बताया कि हाल ही में दिल्ली से पकड़े गए आतंकी शब्बीर अहमद लोन की तरह इन महिलाओं ने भी नेपाल सीमा का इस्तेमाल किया, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
फिलहाल, तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel