दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आतंकी ने कबूल किया है कि वह राजधानी के प्रमुख धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर बड़े हमले की साजिश रच रहा था।
मंदिर और बाजार थे निशाने पर
जांच एजेंसियों के मुताबिक, शब्बीर अहमद ने कालकाजी मंदिर, लोटस टेंपल और छतरपुर मंदिर को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। इसके अलावा उसने कनॉट प्लेस जैसे भीड़भाड़ वाले बाजारों की भी रेकी की थी।
आतंकी ने इन सभी स्थानों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजे थे, जिससे हमले की साजिश को अंजाम दिया जा सके।
ISI और लश्कर की नई साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और लश्कर-ए-तैयबा बांग्लादेश में TRF (द रेजिस्टेंस फ्रंट) की तर्ज पर एक नया आतंकी संगठन खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वहां के युवाओं की भर्ती की जा रही है।
बांग्लादेश में अंडरग्राउंड रहा आतंकी
शब्बीर अहमद लोन लंबे समय तक बांग्लादेश में अंडरग्राउंड रहा और वहां सरकार बदलने के बाद दोबारा सक्रिय हो गया। उसने दिल्ली से लेकर दक्षिण भारत और पश्चिम बंगाल तक अपना नेटवर्क फैला रखा था।
TRF कमांडर से संबंध
शब्बीर का संबंध TRF कमांडर सज्जाद गुल से बताया जा रहा है, जिस पर NIA ने इनाम घोषित कर रखा है। दोनों 2015 में कश्मीर में एक साथ गिरफ्तार हुए थे। बाद में सज्जाद पाकिस्तान भाग गया और PoK से ऑपरेशन चला रहा है, जबकि शब्बीर को भारत में आतंकी हमलों के लिए तैयार किया गया।
सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
इन बड़े खुलासों के बाद राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel