महाराष्ट्र के नागपुर शहर में मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को उस समय हड़कंप मच गया, जब Rashtriya Swayamsevak Sangh (RSS) मुख्यालय से लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर की दूरी पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील कर दिया गया। मौके से 15 जिलेटिन की छड़ें, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद हुए हैं, जिससे यह मामला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (BDDS), फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) की टीमों को तुरंत जांच में लगाया गया है। विशेषज्ञ टीमें मौके से जुटाए गए साक्ष्यों का परीक्षण कर रही हैं, वहीं पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी खतरनाक सामग्री वहां तक कैसे पहुंची। फिलहाल किसी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया गया है, लेकिन संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोगों और दुकानदारों के बीच भय का माहौल बन गया है। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित बताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। डीसीपी ने कहा है कि जांच हर एंगल से की जा रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि बरामद विस्फोटक किसी निर्माण कार्य से संबंधित हैं या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel