गुजरात में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 15 अप्रैल 2026 के बाद राज्य की 700 से अधिक सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इनमें से अधिकांश सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार बिना किसी मुकाबले के विजयी घोषित हुए हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल 9992 सीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें से अब तक 724 सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। हालांकि आयोग ने पार्टीवार आंकड़े जारी नहीं किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर भाजपा का स्पष्ट दबदबा देखा जा रहा है।
नामांकन वापसी के अंतिम दिन 400 से अधिक उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके चलते कई सीटों पर मुकाबला समाप्त हो गया। अब शेष 9270 सीटों पर 26 अप्रैल 2026 को मतदान होगा और 28 अप्रैल को मतगणना की जाएगी।
विभिन्न निकायों की बात करें तो:
- नगर निगम की 1044 सीटों में से 43 सीटें निर्विरोध
- नगर पालिका की 2626 सीटों में से 377 सीटें निर्विरोध
- जिला पंचायत की 1090 में से 52 सीटें निर्विरोध
- तालुका पंचायत की 5234 में से 252 सीटें निर्विरोध
कई क्षेत्रों में भाजपा पहले ही मजबूत बढ़त बना चुकी है। कड़ी नगरपालिका में पार्टी ने दो-तिहाई बहुमत पहले ही हासिल कर लिया है। वहीं बायद और गांदेवी जैसी जगहों पर भी कई सीटों पर निर्विरोध जीत से भाजपा की स्थिति और मजबूत हो गई है। नगर निगम क्षेत्रों में भी पोरबंदर, आनंद और मेहसाणा जैसे शहरों में करीब 40 उम्मीदवार बिना मुकाबले जीत चुके हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel