Delhi Police ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक ओर ‘ठक-ठक गैंग’ के दो सक्रिय बदमाशों को पकड़ा गया, वहीं दूसरी तरफ सैकड़ों महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
‘ठक-ठक गैंग’ के दो बदमाश गिरफ्तार
दक्षिण दिल्ली की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने 17 अप्रैल को ‘ठक-ठक गैंग’ के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। यह गैंग राजधानी के विभिन्न इलाकों में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी करने के लिए कुख्यात था।
पुलिस को 14 अप्रैल को सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर Umesh Yadav की टीम ने पुष्पा भवन बस स्टैंड के पास जाल बिछाया, जहां दोनों आरोपी चोरी के मोबाइल बेचते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमत अली उर्फ सिब्बू (42) और हेमंत उर्फ बल्लू/कल्लू (35) के रूप में हुई है, जो पंजाबी बाग क्षेत्र के निवासी हैं।
39 मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस ने इनके पास से 11 चोरी के मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट, एक बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सिब्बू पर 23 और हेमंत पर 16 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों हाल ही में जेल से छूटने के बाद फिर से अपराध में सक्रिय हो गए थे।
इनकी गिरफ्तारी से संगम विहार, महरौली, मालवीय नगर, साकेत और हौज खास जैसे इलाकों में दर्ज करीब 16 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
500 महिलाओं से ठगी करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर पुलिस ने आनंद कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने देशभर में 500 से अधिक महिलाओं से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
आरोपी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर खुद को डॉक्टर, बिजनेसमैन या फिल्म प्रोड्यूसर बताता था। वह महिलाओं को प्रेम और शादी का झांसा देकर भावनात्मक रूप से जोड़ता और बाद में ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से हनी-ट्रैप, रोमांस स्कैम और साइबर फ्रॉड में शामिल था।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel