बिहार के छपरा में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है। ठंड से बचने के लिए घर के कमरे में अंगीठी (बोरसी) जलाकर सोना इस त्रासदी का कारण बना। मृतकों में तीन मासूम बच्चे और एक बुजुर्ग महिला शामिल हैं।
यह घटना छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिका कॉलोनी, भारत मिलाप चौक के पास की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है। मृत बच्चों में तीन साल के तेजस, चार साल के अध्याय और सात महीने की गुड़िया कुमारी शामिल हैं। तीनों बच्चे आपस में मौसेरे भाई-बहन थे और सर्दी की छुट्टियों में अपने ननिहाल आए हुए थे। हादसे में जान गंवाने वाली बुजुर्ग महिला बच्चों की नानी कमलावती देवी (70 वर्ष) थीं।
परिजनों के अनुसार, कमलावती देवी अपने बेटे अमित कुमार के साथ छपरा में रहती थीं। उनके पति का पहले ही देहांत हो चुका था। हाल ही में वह बनारस में रहने वाली अपनी बेटी अंजलि के पास गई थीं। पूजा-पाठ के बाद अंजलि अपने दो बच्चों के साथ छपरा लौट आई थीं। उनकी दूसरी बेटी अमीषा भी अपने बच्चे के साथ वहीं आई हुई थीं।

शुक्रवार रात घर के फर्स्ट फ्लोर पर कमलावती देवी, उनकी दोनों बेटियाँ, एक बेटा और तीन नातिन-नाती एक ही कमरे में सो रहे थे। वहीं बड़े बेटे अपने परिवार के साथ ग्राउंड फ्लोर पर सोए हुए थे। अत्यधिक ठंड से बचने के लिए जिस कमरे में सभी सोए थे, वहाँ अंगीठी जल रही थी, जो देर रात तक बुझी नहीं।
अंगीठी से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस कमरे में भरती चली गई, जिससे ऑक्सीजन का स्तर धीरे-धीरे कम होता गया। गहरी नींद में होने के कारण किसी को इसका अंदाजा नहीं लग पाया। शनिवार सुबह जब एक सदस्य को घबराहट महसूस हुई, तो उसने किसी तरह खुद को संभालते हुए कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की।
थोड़ी देर बाद होश आने पर जब उसने बाकी लोगों को जगाने की कोशिश की, तो चार लोगों में कोई हलचल नहीं दिखी। आनन-फानन में सभी को छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित कुमार, अमीषा और अंजलि की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृत बच्चों में तेजस और गुड़िया सगे भाई-बहन थे, जो अंजलि के बच्चे थे, जबकि अध्याय अमीषा का बेटा था। अंजलि की शादी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुई है और उनके पति पीसीएस अधिकारी हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद अंबिका कॉलोनी में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel