बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए राहुल गाँधी पूर्णिया पहुँचे। मंच पर पहुँचने के बाद उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया, कुछ बातें कहीं और करीब 20 मिनट में माइक छोड़कर किनारे हट गए। इसके बाद वे मंच पर ही इधर-उधर व्यस्त दिखाई दिए, जबकि उनके प्रत्याशी मंच पर भावुक होकर लोगों से वोट माँगते रहे।
राहुल गाँधी ने अपने संबोधन की शुरुआत बिहार के लोगों को मजदूर कहकर की। उन्होंने कहा, “बिहार के लोग देश के हर प्रदेश में दिखाई देते हैं—कर्नाटक, तेलंगाना, अरुणाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर… जहाँ भी देखो बिहार के लोग मेहनत करते मिलेंगे। बिहार के लोग मजदूरी करते हैं।” उनके इस बयान पर समर्थकों और विरोधियों के बीच चर्चा छिड़ गई।
भाषण में राहुल गाँधी ने पूर्णिया की जनता को कई बड़े सपने भी दिखाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार चाहती है कि बाजार में फोन के पीछे ‘मेड इन चाइना’ ही लिखा रहे, जिससे फायदा चीन और बड़े उद्योगपतियों को होता है। राहुल ने दावा किया, “हम चाहते हैं कि एक दिन इस फोन के पीछे लिखा हो—मेड इन बिहार। हम चाहते हैं कि बिहार में हजारों फैक्ट्रियाँ लगें—सेलफोन, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, कैमरा, यहाँ तक कि हवाई जहाज बनाने की फैक्ट्री भी… और इन सभी पर लिखा हो ‘मेड इन बिहार’।”
इसके बाद राहुल गाँधी ने सोशल मीडिया को 21वीं सदी का नया नशा बताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि डाटा सस्ता है, जिससे युवा रील बना सकते हैं। लेकिन रील-फेसबुक-इंस्टाग्राम 21वीं सदी का नशा है। पहले नशा शराब और ड्रग्स से होता था, अब इंस्टाग्राम-फेसबुक से होता है।”
राहुल गाँधी के भाषण के बाद कांग्रेस प्रत्याशी इरफान मंच पर आए। उन्होंने बड़ी चतुराई से भावनात्मक अपील की और लोगों से रो-रोकर वोट की माँग की। जबकि इससे पहले उनके नेता ने पूर्णिया की जनता को ‘मेड इन बिहार’ हवाई जहाज से लेकर बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियों का सपना दिखाया था।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel