बिहार के नालंदा जिले में स्थित मां शीतला मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पहचान हुई दो मृतकों की
मृतकों में दो महिलाओं की पहचान हो गई है—
- रीता देवी (50), पत्नी दिनेश रजक, सकुन्त बिहार
- रेखा देवी (45), पत्नी कमलेश प्रसाद, मथुरापुर (नूरसराय)
शीतला अष्टमी पर उमड़ी थी भारी भीड़
यह घटना शीतला अष्टमी के अवसर पर हुई, जब मंदिर में पूजा के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। यह मंदिर बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में स्थित है।
मान्यता के अनुसार, इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और माता को एक दिन पहले बना ठंडा भोजन (बासी) भोग लगाया जाता है। इस वजह से हर साल यहां भारी भीड़ उमड़ती है।
भगदड़ के बाद मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही भगदड़ मची, मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई घायलों को स्थानीय लोगों ने बैट्री रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि मंदिर के पास लगे मेले और संकरी सड़क के कारण भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
प्रशासन अलर्ट पर
इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर हैं। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel