गोपालगंज में फंसा दुनिया का सबसे विशाल शिवलिंग, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
बिहार के गोपालगंज जिले में दुनिया का सबसे विशालकाय शिवलिंग पिछले दो दिनों से बलथरी चेक पोस्ट पर फंसा हुआ है। अपने अत्यधिक आकार और भारी वजन के कारण इसे आगे बढ़ाने में परेशानी आ रही है। तमिलनाडु के महाबलीपुरम से करीब एक महीने पहले रवाना हुआ यह शिवलिंग अभी कई किलोमीटर का सफर तय कर मोतिहारी पहुंचना है।
210 टन वजनी और 33 फीट ऊंचा तथा 33 फीट लंबा यह शिवलिंग विशेष भारी ट्रक पर लाया जा रहा है। जिस ट्रक पर इसे रखा गया है, उसमें 110 पहिए लगे हैं और खुद ट्रक का वजन करीब 160 टन है। इस तरह कुल वजन साढ़े तीन सौ टन से ज्यादा हो जाता है, जो किसी भी सड़क और पुल के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
शिवलिंग के गोपालगंज पहुंचते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी है। बलथरी चेक पोस्ट पर दर्शन और पूजा के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है, जिससे इलाके में मेले जैसा नजारा बन गया है। भारी भीड़ के कारण सड़क जाम की स्थिति बन रही है और ट्रैफिक संचालन में प्रशासन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक संचालन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती शिफ्टों में की गई है।
इस विशाल शिवलिंग को गोपालगंज से आगे मोतिहारी ले जाने के लिए गंडक नदी पर बने डुमरिया घाट पुल से गुजरना जरूरी है। समस्या यह है कि गोपालगंज और मोतिहारी की सीमा को जोड़ने वाला यह पुल पहले से ही जर्जर हालत में है। ऐसे में सैकड़ों टन वजनी शिवलिंग को पुल से पार कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि पुल की स्थिति को देखते हुए इंजीनियरों और तकनीकी पदाधिकारियों की एक विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम पुल का निरीक्षण करेगी और उसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि शिवलिंग को सुरक्षित तरीके से पुल के पार कैसे भेजा जा सकता है।
बताया गया है कि इस शिवलिंग को मोतिहारी के कल्याणपुर प्रखंड के कैथवलिया में बन रहे विराट रामायण मंदिर में स्थापित किया जाना है। मंदिर का निर्माण बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड और पटना की महावीर मंदिर कमेटी की देखरेख में हो रहा है। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए शिवलिंग का गोपालगंज में कुछ और दिनों तक अटका रहना तय माना जा रहा है।
शिवलिंग कई राज्यों से होते हुए गोपालगंज पहुंचा है और यह लगातार तीसरा दिन है जब यह यहीं खड़ा है। बावजूद इसके श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। दर्शन और पूजा के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। सुरक्षा, व्यवस्था और ट्रांसपोर्टेशन को लेकर जिला प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel